Tuni में 300 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, एक की मौत और दो घायल; SDRF ने किया रेस्क्यू

खबरे शेयर करे -

ख़बर रफ़्तार , विकासनगर : देहरादून जिले के त्यूणी क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। चिल्लाड़ के पास फोर्ड फ्रीस्टाइल कार अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय कार में तीन लोग सवार थे। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया।

300 मीटर गहरी खाई में गिरी कार

जानकारी के अनुसार, UP37P6641 नंबर की फोर्ड फ्रीस्टाइल कार चिल्लाड़ क्षेत्र में चकराता मोटर मार्ग से करीब 300 मीटर नीचे गहरी खाई में गिर गई। हादसे की सूचना मिलने पर त्यूणी पुलिस और एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची।

गहरी और दुर्गम खाई होने के कारण रेस्क्यू टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। एसडीआरएफ के जवानों ने सावधानीपूर्वक खाई में उतरकर दुर्घटनाग्रस्त वाहन तक पहुंच बनाई।

हादसे में एक व्यक्ति की मौत

रेस्क्यू के दौरान टीम को वाहन के पास एक व्यक्ति मृत अवस्था में मिला, जबकि दो अन्य लोग घायल हालत में फंसे हुए थे। एसडीआरएफ के जवानों ने दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला और उपचार के लिए सीएचसी त्यूणी भेज दिया।

मृतक के शव को खाई से बाहर निकालने के बाद आवश्यक कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

मृतक हापुड़ का रहने वाला

हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान 39 वर्षीय दुर्गेश चौधरी के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के फतापुर का रहने वाला बताया गया है।

वहीं, घायलों की पहचान 27 वर्षीय सुनील मंडल, निवासी महावीर एन्क्लेव, दिल्ली और ऋषभ, निवासी देहरादून के रूप में हुई है। दोनों का उपचार कराया जा रहा है।

पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच

एसडीआरएफ पोस्ट त्यूणी के कांस्टेबल नवीन सिंह के मुताबिक, टीम को चिल्लाड़ में वाहन के गहरी खाई में गिरने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर फोर्ड फ्रीस्टाइल कार करीब 300 मीटर नीचे खाई में मिली। वाहन में कुल तीन लोग सवार थे, जिनमें से एक की मौत हो चुकी थी।

वहीं, थाना प्रभारी त्यूणी कुलदीप शाह ने बताया कि चिल्लाड़ राजस्व पुलिस क्षेत्र में फोर्ड फ्रीस्टाइल कार सड़क से करीब 300 मीटर नीचे खाई में दुर्घटनाग्रस्त हुई है। पुलिस की ओर से हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours