ख़बर रफ़्तार, देहरादून : Congress देहरादून स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव कुमारी सैलजा और प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने विभिन्न फ्रंटल संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्षों के साथ बैठक की। इस दौरान संगठन की गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों और चुनावी तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
जनता के मुद्दों को लेकर सक्रिय होने का आह्वान
कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों को लेकर जनता में नाराजगी है। उन्होंने दलितों के मुद्दे, महिलाओं की सुरक्षा, बेरोजगारी और युवाओं से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनता की समस्याओं को अपनी समस्या समझकर उनके समाधान के लिए संघर्ष करें।
उन्होंने संगठन के सभी विभागों और प्रकोष्ठों को केवल कागजी गतिविधियों तक सीमित न रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पदाधिकारी जमीनी स्तर पर सक्रिय होकर जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित करें।
जिलों और विधानसभा क्षेत्रों में भेजे जाएंगे प्रभारी
फ्रंटल संगठनों और प्रकोष्ठों की बैठक के बाद सैलजा ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्षों, महामंत्रियों और सचिवों के साथ भी बैठक की। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ कांग्रेस को मजबूती से जनता की आवाज उठानी होगी।
उन्होंने बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी जल्द ही जिलों, महानगरों और विधानसभा क्षेत्रों के लिए प्रभारी नियुक्त करेगी। सभी प्रभारी अपने क्षेत्रों में जाकर वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित करेंगे और संगठन को मजबूत करने का काम करेंगे।
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि चुनाव केवल नेताओं के प्रयास से नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं की एकजुटता और मेहनत से जीते जाते हैं। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अनुशासन और पूरी निष्ठा के साथ संगठन के लिए काम करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा सरकार के फैसलों और नीतियों का तथ्यात्मक तरीके से विरोध करें और जनता की समस्याओं को मजबूती से उठाएं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव, बूथ और विधानसभा स्तर तक पहुंचकर लोगों से संवाद करने तथा कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को जनता तक पहुंचाने की अपील की।

+ There are no comments
Add yours