ख़बर रफ़्तार, देहरादून : Dehradun में गाड़ियों के VIP और फैंसी नंबरों का क्रेज लगातार बढ़ता जा रहा है। खास नंबर हासिल करने के लिए लोग लाखों रुपये खर्च करने से भी पीछे नहीं हट रहे हैं। परिवहन विभाग की ओर से कराई गई ऑनलाइन नीलामी में इस बार UK 07 HP सीरीज के 0001 नंबर ने नया रिकॉर्ड बना दिया।
देहरादून निवासी हरजिंदर सिंह ने अपनी नई मर्सिडीज GLS कार के लिए UK 07 HP 0001 नंबर 13 लाख 91 हजार रुपये में हासिल किया। यह देहरादून में किसी VIP नंबर के लिए अब तक की सबसे ऊंची बोली बताई जा रही है। इससे पहले UK 07 HC सीरीज के 0001 नंबर के लिए पिछले साल 13 लाख 77 हजार रुपये की बोली लगी थी।
हरजिंदर सिंह ने सिर्फ 0001 नंबर ही नहीं खरीदा, बल्कि अपनी दूसरी गाड़ी के लिए UK 07 HP 0003 नंबर भी 9 लाख 4 हजार रुपये में हासिल किया। इस साल 0003 नंबर के लिए भी यही सबसे बड़ी बोली रही। इससे पहले UK 07 HJ 0003 नंबर 4 लाख 87 हजार रुपये में नीलाम हुआ था।
दूसरे VIP नंबरों की भी लगी बोली
UK 07 HP सीरीज के कुल 27 फैंसी नंबरों के लिए ऑनलाइन बोली लगाई गई। इनमें UK 07 HP 0002 नंबर 3 लाख 50 हजार रुपये, 0005 नंबर 3 लाख 95 हजार रुपये और 0008 नंबर 1 लाख 86 हजार रुपये में बिका।
इसके अलावा 0006 नंबर के लिए 27 हजार रुपये, 0009 के लिए 1 लाख 8 हजार रुपये, 7000 नंबर के लिए 1 लाख 5 हजार रुपये और 7777 नंबर के लिए 26 हजार रुपये की बोली लगी।
VIP नंबर के लिए क्या है नियम?
परिवहन विभाग के अनुसार, 0001 और 0786 जैसे नंबरों की न्यूनतम बोली एक लाख रुपये निर्धारित है। इच्छुक व्यक्ति को पहले निर्धारित धनराशि जमा करनी होती है, जिसके बाद वह ऑनलाइन नीलामी में हिस्सा ले सकता है। अन्य फैंसी नंबरों के लिए न्यूनतम शुल्क 25 हजार या 10 हजार रुपये की श्रेणी में रखा गया है।
0786 नंबर का क्रेज हुआ कम
एक समय देहरादून में 0786 नंबर को लेकर भी लोगों में खासा उत्साह देखने को मिलता था। लेकिन अब इस नंबर की मांग काफी कम हो गई है। पिछले एक साल से किसी व्यक्ति ने 0786 नंबर के लिए बुकिंग नहीं कराई है। एक लाख रुपये की न्यूनतम कीमत वाले इस नंबर के लिए इस बार ऑनलाइन बोली में भी किसी ने रुचि नहीं दिखाई।
आरटीओ देहरादून के मुताबिक, इस बार 0001 और 0003 नंबर के लिए लगी रिकॉर्ड बोली ने फैंसी नंबरों के प्रति लोगों की बढ़ती दिलचस्पी को एक बार फिर सामने ला दिया है। खास नंबरों को लेकर देहरादून में लोगों का क्रेज लगातार चर्चा में बना हुआ है।
