Haridwar में बड़ा हादसा : मार्बल के पत्थरों का ढेर खिसकने से मजदूर और ठेकेदार दबे, एम्स रेफर

ख़बर रफ़्तार, हरिद्वार : Haridwar में होटल निर्माण कार्य के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। राजस्थान से लाई गई मार्बल की खेप को गाड़ी से उतारते समय अचानक पत्थरों का ढेर खिसक गया। पत्थरों की चपेट में आने से एक मजदूर और ठेकेदार दब गए। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

अचानक खिसक गया पत्थरों का ढेर

जानकारी के मुताबिक, हरिद्वार में पीलीभीत हाउस होटल के निर्माण कार्य के लिए राजस्थान से मार्बल पत्थरों से भरी गाड़ी लाई गई थी। रात के समय मजदूर गाड़ी से पत्थर उतार रहे थे। इसी दौरान अचानक पत्थरों का ढेर खिसक गया और वहां काम कर रहा मजदूर उसकी चपेट में आ गया।

मजदूर को पत्थरों के नीचे दबा देखकर ठेकेदार उसे बचाने के लिए आगे बढ़ा, लेकिन इसी दौरान वह भी खिसकते पत्थरों की चपेट में आ गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

पुलिस और दमकल ने चलाया रेस्क्यू

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में वहां जुट गए। पुलिस, दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों ने मिलकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को पत्थरों के बीच से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें तत्काल हरिद्वार जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।

दोनों के हाथ-पैर में गंभीर चोट

घटना में घायल मजदूर की पहचान करण (30) पुत्र ओमप्रकाश, निवासी भरतपुर, राजस्थान के रूप में हुई है। वहीं ठेकेदार की पहचान इमरान (45) पुत्र मोहम्मद इकबाल, निवासी विष्णु लोक कॉलोनी, बीएचईएल सेक्टर-1, हरिद्वार के रूप में हुई है।

दोनों को हादसे में गंभीर चोटें आई हैं। जानकारी के मुताबिक उनके हाथ-पैर में फ्रैक्चर हुआ है। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है। मजदूर की हालत गंभीर बताई जा रही है।

स्थानीय लोगों ने उठाए सवाल

हादसे के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली। लोगों का आरोप है कि घटना के वक्त आसपास के लोग घायल मजदूरों को बचाने के लिए मौके पर पहुंचे, लेकिन होटल की ओर से कोई अधिकारी या कर्मचारी मदद के लिए बाहर नहीं आया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस, दमकल विभाग और आसपास के लोगों की मदद से ही दोनों घायलों को बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

नगर कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर कुंदन सिंह राणा ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। पुलिस घटना के कारणों की जानकारी जुटा रही है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

You May Also Like

More From Author