Rudrapur में होटल के पास सड़क किनारे मिला व्यक्ति का शव, इलाके में फैली सनसनी

ख़बर रफ़्तार, रुद्रपुर : Rudrapur उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में गुरुवार को एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क किनारे मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना ट्रांजिट कैंप कोतवाली क्षेत्र की है, जहां ग्रीन प्लाई कंपनी के सामने होटल के पास एक व्यक्ति का शव पड़ा होने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की।

प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान 47 वर्षीय संजीव कुमार, पुत्र कैलाश चंद्र, निवासी दोड़ापुर, जनपद मैनपुरी (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। पुलिस को मृतक के पास से मोबाइल फोन, आधार कार्ड और कुछ नकदी मिली, जिसके आधार पर उसकी पहचान की गई। घटना की जानकारी परिजनों को दे दी गई है और उन्हें रुद्रपुर बुलाया गया है।

मौके का निरीक्षण करने पहुंचे उपनिरीक्षक हिरदेश परिहार ने बताया कि मृतक के सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि चोट किसी सड़क दुर्घटना के कारण लगी या फिर यह किसी आपराधिक घटना का परिणाम है। पुलिस ने फिलहाल किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया है।

शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं, जिनकी जांच के बाद मामले की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सोलंकी ने बताया कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही स्थानीय लोगों और दुकानदारों से पूछताछ भी की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि संजीव कुमार वहां कैसे पहुंचे और उनके साथ आखिरी बार कौन देखा गया था।

सीओ सिटी विभव सैनी ने कहा कि पुलिस इस मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कर रही है। हत्या, सड़क हादसा या किसी अन्य कारण से हुई मौत सहित सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के निष्कर्ष आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है।

You May Also Like

More From Author