ख़बर रफ़्तार, अल्मोड़ा / रानीखेत : Ranikhet तहसील के ऐना गांव में देर रात हुई एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। एक अज्ञात हमलावर ने घर में घुसकर एक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचीं दो महिलाओं पर भी हमला किया गया, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, घटना ऐना गांव निवासी जानकी देवी के घर की है। यहां उनके भतीजे सागर पर एक अज्ञात व्यक्ति ने अचानक धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में सागर की मौके पर ही मौत हो गई।
शोर सुनकर जानकी देवी और उनकी चाची सबुली देवी युवक को बचाने पहुंचीं, लेकिन हमलावर ने उन पर भी हमला कर दिया। इस हमले में जानकी देवी के सिर पर गंभीर चोट लगी, जबकि सबुली देवी के गले पर गहरा वार हुआ। दोनों को तत्काल उप जिला चिकित्सालय रानीखेत ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल सबुली देवी को बेहतर इलाज के लिए हल्द्वानी रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि मृतक सागर, उत्तर प्रदेश के मेरठ का रहने वाला था और कुछ दिन पहले अपनी बुआ जानकी देवी के घर आया था। परिजनों के मुताबिक वह अग्निवीर भर्ती की दौड़ की तैयारी के लिए रानीखेत में रह रहा था।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। परिजनों की ओर से दी गई तहरीर में पुरानी रंजिश को हत्या की संभावित वजह बताया गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर संदिग्धों से पूछताछ शुरू कर दी है।
इस बीच एक और पहलू भी सामने आया है। जानकी देवी का छोटा बेटा कृष्णा उस समय हल्द्वानी में अपनी रिश्तेदार बबीता की देखभाल के लिए गया हुआ था, जो कुछ दिन पहले कथित रूप से गुलदार के हमले में घायल हुई थीं। अब परिजन आशंका जता रहे हैं कि वह घटना भी किसी अन्य हमले से जुड़ी हो सकती है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक पुलिस ने कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

+ There are no comments
Add yours