Rudrapur में अमोनिया गैस रिसाव से मचा हड़कंप, फायर-एसडीआरएफ की त्वरित कार्रवाई से टला बड़ा हादसा

खबरे शेयर करे -

ख़बर रफ़्तार, रुद्रपुर : Rudrapur के सिडकुल पंतनगर औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार को एक बहुराष्ट्रीय कंपनी के प्लांट के पास सड़क पर अमोनिया गैस फैलने से कुछ समय के लिए हड़कंप मच गया। गैस के रिसाव के कारण राहगीरों और वाहन चालकों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और संयुक्त अभियान चलाकर स्थिति को जल्द ही नियंत्रित कर लिया।

सुरक्षा के मद्देनजर सबसे पहले प्रभावित क्षेत्र को घेरकर यातायात रोक दिया गया, ताकि कोई भी व्यक्ति गैस की चपेट में न आए। इसके बाद फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ की टीम ने सड़क पर फैले रासायनिक पदार्थ को पानी और अन्य संसाधनों की मदद से साफ किया। काफी देर तक चले अभियान के बाद क्षेत्र को सुरक्षित घोषित किया गया और यातायात सामान्य रूप से बहाल कर दिया गया।

सिडकुल चौकी प्रभारी निरीक्षक हेमंत सिंह कठैत ने बताया कि सूचना मिलते ही सभी संबंधित विभागों ने समन्वय के साथ त्वरित कार्रवाई की। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने या किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं मिली।

पुलिस के अनुसार, सुरक्षा की दृष्टि से प्रभावित क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही यह जांच की जा रही है कि अमोनिया गैस किस वाहन से सड़क पर गिरी और यह घटना किन परिस्थितियों में हुई। जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी ईशान कटारिया ने बताया कि अमोनिया गैस का उपयोग सामान्यतः कोल्ड स्टोरेज में किया जाता है। यह गैस त्वचा के संपर्क में आने पर खुजली और आंखों में तेज जलन पैदा कर सकती है। वहीं अधिक मात्रा में सांस के जरिए शरीर में प्रवेश करने पर यह गंभीर स्वास्थ्य जोखिम पैदा कर सकती है और जानलेवा भी साबित हो सकती है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि औद्योगिक क्षेत्रों से गुजरते समय सतर्क रहें। यदि सड़क पर किसी प्रकार का केमिकल या संदिग्ध रासायनिक पदार्थ दिखाई दे तो उससे दूरी बनाए रखें और तुरंत पुलिस या संबंधित विभाग को इसकी सूचना दें।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours