Piran Kaliyar में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का कहर, तीन लोग घायल, चालक फरार

खबरे शेयर करे -

ख़बर रफ़्तार, रुड़की : Piran Kaliyar में रविवार देर रात एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो के बेकाबू होने से बड़ा हादसा हो गया। यूपी नंबर की स्कॉर्पियो भीड़भाड़ वाले इलाके में घुस गई और सड़क किनारे खड़े कई लोगों को टक्कर मार दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई।

जानकारी के अनुसार हादसा इमलीखेड़ा रोड स्थित अब्दाल शाह रोड पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्कॉर्पियो काफी तेज गति से चल रही थी। भीड़ वाले क्षेत्र में पहुंचते ही चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी राहगीरों की तरफ बढ़ गई। हादसे में बिहार निवासी मुख्तार आलम, पिरान कलियर की 6 वर्षीय साबरीन और 10 वर्षीय शबनम गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। लोगों का कहना है कि वाहन की रफ्तार इतनी तेज थी कि किसी को बचने का मौका तक नहीं मिला। हादसे के बाद आसपास के दुकानदार और स्थानीय निवासी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को कब्जे में ले लिया गया है। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ती तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि मुख्य मार्गों पर नियमित निगरानी और सख्त कार्रवाई नहीं होने से दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है। लोगों ने प्रशासन से स्पीड नियंत्रण और नियमित चेकिंग अभियान चलाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours