Ankita Bhandari मामले से जुड़े केस में पूर्व विधायक सुरेश राठौर गिरफ्तार

खबरे शेयर करे -

ख़बर रफ़्तार, देहरादून : Ankita Bhandari उत्तराखंड की राजनीति में चर्चा का विषय बने पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर को देहरादून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े एक मामले में दर्ज मुकदमे के आधार पर की गई है। राठौर और अभिनेत्री उर्मिला सनावर के खिलाफ हरिद्वार और देहरादून के विभिन्न थानों में कई शिकायतें दर्ज कराई गई थीं।

आरोप है कि दोनों ने सोशल मीडिया पर ऐसे ऑडियो और वीडियो साझा किए थे, जिनमें भाजपा के कुछ नेताओं के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए गए थे। इन वीडियो के सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति में काफी हलचल मच गई थी और कई स्थानों पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू हुई थी।

मामला बाद में उत्तराखंड हाईकोर्ट तक पहुंचा। न्यायालय ने दर्ज चार एफआईआर में से दो को निरस्त कर दिया था, जबकि शेष दो मामलों में जांच जारी रखने की अनुमति दी थी। इन्हीं मामलों में पुलिस ने आगे की कार्रवाई करते हुए सुरेश राठौर को हिरासत में लिया और पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार, भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने जनवरी में डालनवाला कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जा रहे ऑडियो-वीडियो के जरिए उनकी और पार्टी के अन्य नेताओं की छवि खराब करने तथा उन्हें झूठे मामलों में फंसाने की कोशिश की जा रही है।

रविवार को पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने हरिद्वार जिले के बुग्गावाला क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए सुरेश राठौर को हिरासत में लिया। देर रात उनसे पूछताछ की गई, जिसके बाद उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।

देहरादून के एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि सुरेश राठौर को कानूनी प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार किया गया है और उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले की जांच अभी जारी है।

गौरतलब है कि सुरेश राठौर हरिद्वार की ज्वालापुर विधानसभा सीट से विधायक रह चुके हैं। उर्मिला सनावर के साथ उनके संबंधों और सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो को लेकर वे पहले भी सुर्खियों में रहे हैं। इन विवादों के बाद भाजपा ने उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया था। अंकिता भंडारी मामले से जुड़े आरोपों को लेकर उनके वीडियो वायरल होने के बाद राज्य की राजनीति में लंबे समय तक बहस और विवाद का दौर चला था।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours