खबर रफ्तार, देहरादून: PM नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रदेशभर में 12 जून से 14 जून तक विभिन्न जनसंपर्क, जनकल्याण और संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इन कार्यक्रमों का प्रभावी और व्यापक स्तर पर संचालन सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित जनहितकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाई जाए, ताकि लोग सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठा सकें। उन्होंने प्रत्येक विकासखंड स्तर पर जनकल्याण शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए हैं।
इन शिविरों में आयुष्मान भारत योजना, पीएम सूर्य घर योजना, लखपति दीदी योजना समेत अन्य कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों और आम नागरिकों के साथ संवाद स्थापित किया जाएगा। साथ ही लोगों को योजनाओं की जानकारी देकर अधिक से अधिक लाभार्थियों को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाया जाए तथा आमजन की समस्याओं और सुझावों को भी प्राथमिकता के आधार पर सुना जाए।

+ There are no comments
Add yours