अल्मोड़ा के सिमकनी मैदान में जनसभा के लिए भव्य मंच तैयार किया गया था। कार्यक्रम स्थल को पोस्टर और बैनरों से सजाया गया था, जबकि कुमाऊं क्षेत्र के विभिन्न जिलों से कार्यकर्ता और समर्थक रैली में शामिल होने पहुंचे। तेज धूप और गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी भी देखने को मिली।
हालांकि, खराब मौसम के कारण राहुल गांधी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अल्मोड़ा नहीं पहुंच सके। जानकारी के अनुसार, पंतनगर पहुंचने के बाद वे हेलीकॉप्टर से अल्मोड़ा के लिए रवाना हुए थे, लेकिन मौसम अनुकूल नहीं होने के कारण हेलीकॉप्टर को वापस लौटना पड़ा।
राहुल गांधी की अनुपस्थिति की सूचना मिलने के बाद कई कार्यकर्ताओं में निराशा देखी गई और कुछ लोग कार्यक्रम स्थल से वापस लौटने लगे। इसके बावजूद रैली स्थल पर जुटी भीड़ ने कार्यक्रम में रुचि बनाए रखी।
राहुल गांधी ने बाद में फोन के माध्यम से कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों की आलोचना करते हुए नोटबंदी और जीएसटी को देश की आर्थिक चुनौतियों के प्रमुख कारणों में शामिल बताया। उन्होंने रोजगार, व्यापार और आम जनता से जुड़े मुद्दों पर भी अपनी बात रखी।
इस दौरान प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं ने भी मंच से संबोधन किया। नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी ने सरकार पर किसानों और युवाओं की अनदेखी का आरोप लगाया। वहीं पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता पिछले कई दिनों से अल्मोड़ा में डेरा डालकर रैली की तैयारियों में जुटे हुए थे।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह कार्यक्रम आगामी विधानसभा चुनावों से पहले कुमाऊं क्षेत्र में पार्टी की ताकत दिखाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।

+ There are no comments
Add yours