Kedarnath: चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर,पहुंचने वालों की संख्या 10 लाख के पार

खबरे शेयर करे -

खबर रफ्तार, देहरादून: Kedarnath चारधाम यात्रा में इस वर्ष श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है। मौसम की चुनौतियों के बावजूद बड़ी संख्या में भक्त उत्तराखंड पहुंचकर चारों धामों में दर्शन कर रहे हैं। इसी क्रम में केदारनाथ धाम में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 10 लाख के आंकड़े को पार कर गई है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं को लेकर समीक्षा बैठक की, जिसमें विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में यात्रा संचालन, सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं और यातायात प्रबंधन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

यात्रा कंट्रोल रूम रुद्रप्रयाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, चारधाम यात्रा के तहत अब तक कुल 26,86,259 श्रद्धालु चारों धामों के दर्शन कर चुके हैं। वहीं, शनिवार शाम पांच बजे तक केदारनाथ धाम में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या 10,00,497 दर्ज की गई।

शनिवार को अकेले 24,066 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए, जिनमें 11 हजार से अधिक महिला श्रद्धालु शामिल रहीं। यात्रा मार्गों पर लगातार बढ़ रही भीड़ के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह बरकरार है और बड़ी संख्या में लोग दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।

गौरतलब है कि 23 मई को चारधाम यात्रा के दौरान एक ही दिन में एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन कर नया रिकॉर्ड बनाया था। इसके अगले दिन 24 मई को भी 98 हजार से अधिक श्रद्धालु विभिन्न धामों में दर्शन के लिए पहुंचे थे। इसके बाद भी यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार ऊंचे स्तर पर बनी हुई है।

राज्य सरकार का कहना है कि बढ़ती श्रद्धालु संख्या को देखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours