Chardham Yatra रजिस्ट्रेशन संकट: हरिद्वार में श्रद्धालुओं की बढ़ी परेशानी

खबरे शेयर करे -

ख़बर रफ़्तार, हरिद्वार : Chardham Yatra उत्तराखंड में चारधाम यात्रा अपने चरम पर पहुंच चुकी है। पिछले दो दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या अचानक बढ़ने से हरिद्वार और ऋषिकेश में रजिस्ट्रेशन व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया है। हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान में बनाए गए अस्थायी रजिस्ट्रेशन सेंटर में मंगलवार दोपहर 2 बजे के बाद पंजीकरण प्रक्रिया रोक दी गई, जिससे हजारों श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।

श्रद्धालुओं का आरोप है कि वे रातभर लाइन में लगे रहे, लेकिन बिना पूर्व सूचना के रजिस्ट्रेशन काउंटर बंद कर दिए गए। कई यात्रियों ने बताया कि उनके पास होटल या धर्मशाला में रुकने के लिए अतिरिक्त पैसे नहीं हैं और सीमित बजट में यात्रा करने आए थे।

राजस्थान से आई बुजुर्ग श्रद्धालु प्रेमा देवी ने बताया कि वह 27 लोगों के साथ अजमेर से आई हैं, लेकिन दो दिनों से रजिस्ट्रेशन नहीं हो पाया। वहीं छत्तीसगढ़ से आए श्रद्धालु भरातुराम साहू ने कहा कि सुबह से लाइन में लगने के बावजूद दोपहर में काउंटर बंद कर दिए गए।

जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल ने बताया कि केदारनाथ और यमुनोत्री धाम में बढ़ती भीड़ को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन अस्थायी रूप से रोका गया है। उन्होंने कहा कि 27 मई सुबह 7:30 बजे से दोबारा रजिस्ट्रेशन शुरू किया जाएगा।

उधर ऋषिकेश में भी चारधाम रजिस्ट्रेशन काउंटर दोपहर 2 बजे के बाद बंद कर दिए गए। प्रशासन का कहना है कि यात्रा में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के कारण यह फैसला लिया गया है। वहीं कई श्रद्धालु रजिस्ट्रेशन सेंटर में ही रात बिताने को मजबूर नजर आए।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours