ख़बर रफ़्तार, देहरादून : Uttarakhand Education से शिक्षा क्षेत्र के लिए अच्छी खबर सामने आई है। उत्तराखंड ने विद्यालयी शिक्षा की राष्ट्रीय रैंकिंग में बड़ी छलांग लगाई है। भारत सरकार द्वारा जारी परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स (PGI) 2.0 रिपोर्ट 2024-25 में राज्य ने 584.5 अंक हासिल कर देशभर में 15वां स्थान प्राप्त किया है। पिछले वर्ष उत्तराखंड 24वें स्थान पर था।
राज्य ने एक साल में नौ स्थानों की प्रगति दर्ज कर शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मजबूत तस्वीर पेश की है। बेहतर प्रदर्शन के आधार पर उत्तराखंड को आकांक्षी-1 श्रेणी से आगे बढ़ाकर अब प्रचेष्टा-3 श्रेणी में शामिल किया गया है।
रिपोर्ट के अनुसार राज्य का सबसे शानदार प्रदर्शन समानता और समावेशन के क्षेत्र में रहा, जहां उत्तराखंड को 260 में से 222.2 अंक मिले। पर्वतीय और ग्रामीण इलाकों में शिक्षा सुविधाओं के विस्तार को इसका प्रमुख कारण माना जा रहा है।
गवर्नेंस, आधारभूत संरचना, शिक्षक प्रशिक्षण और डिजिटल शिक्षा के क्षेत्र में भी राज्य ने बेहतर प्रदर्शन किया है। शिक्षा विभाग का कहना है कि नई शिक्षा नीति 2020, स्मार्ट क्लास, डिजिटल संसाधनों और डेटा आधारित मॉनिटरिंग का सकारात्मक असर अब राष्ट्रीय स्तर पर दिखाई देने लगा है।
अब विभाग लर्निंग आउटकम्स और आधुनिक डिजिटल शिक्षा प्रणाली को और मजबूत करने की दिशा में काम कर रहा है, ताकि आने वाले वर्षों में राज्य की रैंकिंग और बेहतर हो सके।

+ There are no comments
Add yours