महिला आरक्षण पर उत्तराखंड की सियासत गर्म, कांग्रेस का सरकार पर हमला

खबर रफ्तार, महिला आरक्षण: देहरादून से इस वक्त की बड़ी राजनीतिक खबर सामने आ रही है। महिला आरक्षण बिल को लेकर सियासी माहौल लगातार गरमाया हुआ है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भाजपा और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि यदि सरकार वास्तव में महिलाओं के सशक्तिकरण के प्रति गंभीर है, तो उत्तराखंड विधानसभा की 70 सीटों में से 33 प्रतिशत सीटों पर महिला आरक्षण लागू करने का प्रस्ताव तुरंत सदन में लाया जाए।

गणेश गोदियाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा आम जनता को भ्रमित कर रही है और झूठ की राजनीति कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं के हित में केवल बयानबाजी नहीं, बल्कि ठोस कदम उठाने की जरूरत है।

उन्होंने आगे सुझाव दिया कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए केवल राजनीतिक आरक्षण ही नहीं, बल्कि लोक सेवा आयोग, चिकित्सा, इंजीनियरिंग सहित विभिन्न क्षेत्रों में भी 33 प्रतिशत आरक्षण लागू किया जा सकता है।

गोदियाल ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार का उद्देश्य महिला कल्याण नहीं, बल्कि राजनीतिक लाभ लेना है, जिसका जवाब जनता आने वाले समय में देगी।

एक अन्य पोस्ट में उन्होंने कहा कि जिस तरह उत्तर प्रदेश सरकार विपक्ष को घेरने के लिए विशेष सत्र बुला रही है, उसी तरह उत्तराखंड में भी ऐसा किया जा सकता है। लेकिन इसके बजाय सरकार को सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव लाना चाहिए कि 2027 के चुनाव में 70 में से 33 प्रतिशत सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हों।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर सरकार के साथ सहयोग करने के लिए तैयार है, यदि वास्तव में महिलाओं के हित में निर्णय लिया जाता है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours