खबर रफ्तार, गाजियाबाद : गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के कनावनी गांव में गुरुवार दोपहर एक भीषण अग्निकांड हो गया, जिसमें 500 से अधिक झुग्गियां जलकर राख हो गईं। आग लगने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
प्रत्यक्षदर्शी आकाश नाम के युवक ने बताया कि आग की शुरुआत बिजली के तार में हुए शॉर्ट सर्किट से हुई। उनके अनुसार, दोपहर करीब 12 बजे झुग्गियों के ऊपर से गुजर रही लाइन में अचानक चिंगारी निकली, जिसने कुछ ही पलों में विकराल रूप ले लिया और आसपास की झुग्गियों तक फैल गई।
आकाश का कहना है कि आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका ही नहीं मिला। करीब 600 झुग्गियों वाले इस इलाके में बड़ी संख्या में लोग काम पर गए हुए थे, जबकि बच्चे झुग्गियों में ही मौजूद थे।
स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि पास में मौजूद कबाड़ के गोदामों में रखे ज्वलनशील सामान ने आग को और भी भयानक बना दिया। आग की चपेट में आने के बाद कई गैस सिलेंडर भी फट गए, जिससे धमाकों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा।
चश्मदीद आकाश ने यह भी दावा किया कि 8 से 10 बच्चे लापता हैं, हालांकि प्रशासन की ओर से इसकी अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। अधिकारियों ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है और कूलिंग के बाद सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा।
दमकल विभाग और पुलिस की कई टीमें मौके पर राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। स्थानीय प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। इस हादसे में सैकड़ों परिवारों का आशियाना और जरूरी सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया है।
आग लगने के कारणों की जांच जारी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

+ There are no comments
Add yours