खबर रफ्तार, गोपेश्वर (चमोली) : भारतीय सेना की “सूर्य देवभूमि चैलेंज” प्रतियोगिता के दौरान नेटवर्किंग व्यवस्था के लिए चोपता क्षेत्र में गए सेना के वाहन का बृहस्पतिवार को चोपता–मंडल मार्ग पर हादसा हो गया।
जानकारी के अनुसार, सेना का वाहन चोपता से मंडल की ओर लौटते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें दो जवान घायल हो गए। इनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे सेना के हेलीकॉप्टर की मदद से उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया।
यह पूरा क्षेत्र अत्यंत दुर्गम और निर्जन बताया जा रहा है, जहां मोबाइल नेटवर्क भी उपलब्ध नहीं है। इसी दौरान चोपता से गोपेश्वर सामान लेने जा रहे एक स्थानीय वाहन चालक ने सड़क से नीचे गिरे वाहन को देखा। उन्होंने तुरंत मदद करते हुए नीचे उतरकर दोनों जवानों को सड़क तक पहुंचाया और फिर निजी वाहन से उन्हें जिला अस्पताल गोपेश्वर ले जाया गया।
घायलों की पहचान भिवानी (हरियाणा) निवासी 29 वर्षीय जवान जाबाज सिंह (पुत्र जय भगवान सिंह) और 23 वर्षीय धवन सिंह के रूप में हुई है। दोनों जवान सेना की सिग्नल कंपनी में तैनात हैं।

+ There are no comments
Add yours