खबर रफ्तार, रांची : झारखंड के सारंडा जंगल क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा किए गए आईईडी विस्फोट में कोबरा बटालियन के एक इंस्पेक्टर सहित पांच जवान घायल हो गए। यह घटना नक्सल विरोधी अभियान के दौरान हुई, जिसके बाद इलाके में सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन और तेज कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक, मनोहरपुर प्रखंड के छोटानागरा थाना क्षेत्र स्थित बालिबा गांव के पास चडराडेरा इलाके में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच सर्च ऑपरेशन चल रहा था। इसी दौरान नक्सलियों द्वारा पहले से लगाए गए आईईडी में जोरदार धमाका हो गया।
इस विस्फोट में कोबरा 205 बटालियन के इंस्पेक्टर सत्य प्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अन्य चार जवान मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से घायल हुए हैं।
घायलों को तुरंत रांची एयरलिफ्ट कर निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। अन्य जवानों का इलाज स्थानीय स्तर पर किया जा रहा है।
चाईबासा के एसपी अमित रेणु ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह हमला नक्सलियों की सुनियोजित साजिश का हिस्सा लग रहा है। पूरे क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, ताकि नक्सलियों की गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके और उन्हें पकड़ने की कार्रवाई की जा सके।

+ There are no comments
Add yours