वेतन को लेकर हंगामा, सड़कों पर उतरे कर्मचारी, शहर में जाम

नोएडा में वेतन वृद्धि को लेकर बवाल, प्रदर्शन हुआ हिंसक; कई वाहन फूंके, पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले

ख़बर रफ़्तार, नोएडा : उत्तर प्रदेश के नोएडा में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर चल रहा कर्मचारियों का आंदोलन सोमवार को हिंसक हो गया। पिछले कई दिनों से जारी विरोध प्रदर्शन अचानक उग्र हो उठा, जिससे शहर के कई इलाकों में तनाव की स्थिति बन गई।

फेज-2 और सेक्टर-84 क्षेत्र सबसे ज्यादा प्रभावित रहे, जहां प्रदर्शनकारियों ने कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया और जमकर तोड़फोड़ की। हालात बिगड़ते देख पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।

सेक्टर 59, 60, 62 और 63 समेत कई इलाकों में प्रदर्शनकारियों ने सड़कों को जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। एनएच-9 पर भी लंबा जाम लग गया और आम लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच पथराव भी हुआ, जिसमें कई पुलिसकर्मी और सुरक्षाबल के जवान घायल हो गए। प्रशासन ने पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है।

प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में न्यूनतम वेतन को 13,000 रुपये से बढ़ाकर 20,000 रुपये करना, ओवरटाइम का भुगतान सुनिश्चित करना और छुट्टियों के लिए स्पष्ट नीति बनाना शामिल है। हालांकि प्रशासन ने पहले ही मांगों पर विचार का आश्वासन दिया था, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने इसे पर्याप्त नहीं माना।

फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है, और प्रशासन हालात सामान्य करने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours