खबर रफ्तार, ऋषिकेश : नगर पंचायत तपोवन के एक कैफे में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि फ्रीज, तीन कमर्शियल सिलिंडर और दो घरेलू गैस सिलिंडर समेत कई सामान जलकर पूरी तरह राख हो गए।
घटना की सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी गई, लेकिन वीकेंड के कारण सड़कों पर भारी भीड़ और यातायात जाम होने की वजह से राहत एवं बचाव टीम मौके पर समय से नहीं पहुंच सकी। इस बीच पास के एक होटल से सबमर्सिबल पंप की मदद लेकर आग बुझाने का प्रयास किया गया।
काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इसके बाद दमकल विभाग की गाड़ी भी मौके पर पहुंची। थाना मुनि की रेती पुलिस के अनुसार, यह कैफे किराए के भवन में संचालित किया जा रहा था और घटना के समय बंद था। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।

+ There are no comments
Add yours