भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार थार ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, युवक की मौत; महिला गंभीर घायल

ख़बर रफ़्तार, मेरठ : दौराला स्थित एनएच-58 पर मंगलम फार्म हाउस पर दर्दनाक हादसा हुआ। टक्कर लगते ही बाइक सवार सोनू की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर बैठी महिला गंभीर रूप से घायल है। टक्कर लगने के बाद थार सवार खेतों में भाग गए।

रविवार को NH-58 पर दशरथपुर गांव स्थित मंगलम फार्म हाउस के पास भीषण सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार थार गाड़ी ने एक बाइक को ऐसी जोरदार टक्कर मारी कि बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ बैठी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद थार कई बार पलटी खाकर सड़क पर पलट गई, जिससे हाईवे पर लंबा जाम लग गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लोईया निवासी सोनू (30) अपनी बाइक से किसी आवश्यक काम से जा रहा था। उसके साथ एक महिला भी सवार थी। जैसे ही वे दशरथपुर गांव के पास मंगलम फार्म हाउस के निकट पहुंचे, एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार थार गाड़ी ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि सोनू उछलकर सड़क पर जा गिरा, जिससे उसकी तत्काल मृत्यु हो गई। वहीं, महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसे के बाद थार में सवार लोग किसी तरह गाड़ी से बाहर निकले और खेतों की ओर भाग गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यातायात को सुचारू रूप से चलाने के लिए पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त थार गाड़ी को हाईवे से हटवाया।
जांच जारी, परिजनों में मातम
इस हृदयविदारक घटना की सूचना मिलते ही मृतक सोनू के परिजनों में गहरा शोक छा गया। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि पुलिस फरार थार सवारों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरनाक परिणामों को उजागर किया है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours