देहरादून गोलीकांड विवाद: दो गुटों के संघर्ष में बेवजह मारे गए टहलने निकले ब्रिगेडियर मुकेश

ख़बर रफ़्तार, देहरादून : राजपुर थानाक्षेत्र के जोहड़ी गांव में युवकों के दो गुटों की फायरिंग में सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर की गोली लगने से मौत हो गई।

देहरादून के जोहड़ी में हुए गोलीकांड का विवाद जेन-जी क्लब में उपजा और सैर पर निकले सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर मुकेश कुमार जोशी दो गुटों के संघर्ष में बेवजह मारे गए। वे रोज की तरह अपने तीन साथियों के साथ सुबह टहलने निकले थे। अपने आवास से थोड़ी दूरी पर पहुंचे तो सामने से दो तेज रफ्तार कारें आ रही थीं। दोनों कारों में सवार युवक एक-दूसरे पर फायरिंग कर रहे थे।

इसी संघर्ष में एक गोली ब्रिगेडियर जोशी के सीने में लग गई। उनका न तो इस घटना से कोई लेनादेना था और न ही वे इन हुड़दंगी युवकों को जानते थे। परिजनों के अनुसार उन्होंने 62 वर्ष की उम्र तक सेना में नौकरी की। सेना के कई महत्वपूर्ण अभियानों का हिस्सा बने। वे शारीरिक रूप से स्वस्थ थे।

उनके अंदर देश सेवा का जज्बा हमेशा देखा जा सकता था। यही कारण है कि उन्होंने अपने बेटे को नौसेना में भेजकर देश सेवा के संकल्प को और अधिक मजबूती दी लेकिन कुछ युवकों के आपसी विवाद ने उनकी जान ले ली। अब पुलिस ने जेन-जी क्लब सील कर दिया है, आरोपी इसी क्लब से पार्टी कर निकले थे, उनकी क्लब मालिक-कर्मियों से ही मारपीट हुई थी। ये क्लब पहले भी सील हो चुका है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours