ख़बर रफ़्तार, काठमांडू : नेपाल के नए प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने आज पीएम पद की शपथ ली। इसके साथ ही वे नेपाल के 47वें प्रधानमंत्री बन गए हैं। नेपाल के संसदीय चुनाव में बालेंद्र शाह की पार्टी आरएसपी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी।
भारत के पड़ोसी देश नेपाल में आज से नए युग की शुरुआत हो गई है। राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के नेता बालेंद्र शाह को आज नेपाल का नया प्रधानमंत्री नियुक्त किया गया। जिसके बाद बालेंद्र शाह को पीएम पद की शपथ दिलाई गई। बालेंद्र शाह नेपाल के 47वें प्रधानमंत्री बन गए हैं। नेपाली मीडिया के अनुसार, राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने बालेंद्र शाह को पीएम नियुक्त किया। जिसके बाद बालेंद्र शाह ने नेपाल के नए प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सत्ताधारी राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी ने बालेंद्र शाह के नेतृत्व वाली सरकार के लिए 14 मंत्रियों के नाम फाइनल किए हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, सुदन गुरुंग को देश का नया गृह मंत्री बनाया जा सकता है। जेन जी आंदोलन से चर्चा में आए गुरुंग, गोरखा-2 सीट से चुनाव जीतकर सदन पहुंचे हैं।
पूर्व पीएम को रिकॉर्ड वोटों के अंतर से हराया
शाह ने पूर्वी नेपाल के झापा-5 में पूर्व प्रधानमंत्री के पी शर्मा ओली को 49,614 वोटों के बड़े अंतर से हराया, उन्हें 68,348 वोट मिले, जबकि ओली को 18,734 वोट मिले। यह 1991 के बाद से नेपाल के संसदीय चुनावों में किसी भी उम्मीदवार को मिले सबसे ज्यादा वोट हैं। शाह ने 2022 में राजनीति में कदम रखा, जब उन्होंने काठमांडू के मेयर का चुनाव लड़ा और एक निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर जीते।
27 अप्रैल, 1990 को काठमांडू में एक मधेसी परिवार में जन्मे शाह ने भारत में विश्वेश्वरैया टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी से स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग में मास्टर डिग्री करने से पहले काठमांडू में अपनी बैचलर डिग्री पूरी की। इंजीनियरिंग में उनके एकेडमिक बैकग्राउंड ने उन्हें इंफ्रास्ट्रक्चर, शहरी विकास और पब्लिक वर्क्स की प्रैक्टिकल समझ दी। इसी तकनीकी विशेषज्ञता ने काठमांडू महानगरपालिका के महापौर (मेयर) के रूप में उनकी कार्यशैली और गवर्नेंस को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

+ There are no comments
Add yours