भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव विवाह के अगले ही दिन रविवार को अपनी पत्नी वंशिका सिंह के साथ कानपुर पहुंचे। जाजमऊ की डिफेंस कॉलोनी में स्थित उनके घर पर कुलदीप व वंशिका के स्वागत के लिए भव्य तैयारियां की गई थीं। पूरे घर को देशी और विदेशी फूलों से सजाया गया, जबकि दुल्हन वंशिका के स्वागत के लिए रेड कार्पेट बिछाया गया।
घर की सजावट में लिली, ऑर्किड, ट्यूलिप, हेलिकोनिया और डहलिया जैसे विदेशी फूलों के साथ गेंदा, मनोकामनी, इंग्लिश रोज, जिप्सो, गुलदाउदी, रजनीगंधा और स्टार समेत कई सुगंधित फूलों का इस्तेमाल किया गया। गेट से लेकर घर के अंदर कमरों तक आकर्षक फूलों की सजावट की गई, जिससे पूरा घर महक उठा। सजावट में लगे फूलों का चयन कुलदीप के पिता राम सिंह यादव ने खुद किया है, ताकि स्वागत समारोह यादगार बन सके।
नवदंपति की एक झलक पाने के लिए सुबह से ही मोहल्ले के लोग घर के बाहर जुटने लगे थे और सभी में खासा उत्साह देखा गया। बताते चलें कि कुलदीप यादव की शादी 14 मार्च को मसूरी स्थित होटल आईटीसी शिवॉय से बचपन की मित्र वंशिका सिंह के साथ हुई थी।
विवाह के बाद रविवार को विदाई के बाद कुलदीप अपनी पत्नी के साथ ब्लैक कलर की बीएमडब्ल्यू कार से जाजमऊ स्थित डिफेंस कॉलोनी के आवास पहुंचे। घर में प्रवेश करते ही मुख्य गेट बंद कर दिया गया और परिवार के सदस्यों व करीबी रिश्तेदारों ने नवदंपति का गर्मजोशी से स्वागत किया।
17 मार्च को लखनऊ स्थित होटल सेंट्रम में होगा रिसेप्शन
शादी के बाद अब कुलदीप का रिसेप्शन 17 मार्च को लखनऊ स्थित होटल सेंट्रम में शाही अंदाज में किया जाएगा। बताते चलें कि इससे पहले 4 जून 2025 को इसी होटल से कुलदीप और वंशिका की सगाई भी हुई थी। अब शादी के बाद रिसेप्शन का कार्यक्रम भी इस होटल से भव्य तरीके से किया जाएगा। इसमें बीसीसीआई, यूपीसीए, लखनऊ और कानपुर के कई बड़े अधिकारी और मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के शामिल होने की पूरी संभावनाएं हैं।
+ There are no comments
Add yours