खबर रफ्तार, देहरादून : ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण विधानसभा में आज से बजट सत्र शुरू होगा। राज्यपाल अभिभाषण के बाद सरकार सदन में विनियोग विधेयक को सदन पटल पर रख कर बजट पेश करेगी।
उत्तराखंड के राजनीतिक इतिहास में पहली बार सरकार राज्यपाल अभिभाषण के दिन ही सदन में बजट पेश करेगी। यह पहला मौका होगा जब मुख्यमंंत्री पुष्कर सिंह धामी सदन में वित्त मंत्री के रूप में अपनी सरकार का बजट पेश करेंगे। बीते वर्ष की तुलना में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए बजट का आकार 10 प्रतिशत बढ़ोतरी के साथ 1.11 लाख करोड़ होने का अनुमान है।
रविवार को भराड़ीसैंण में विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी की अध्यक्षता में कार्यमंत्रणा समिति की बैठक हुई। बैठक में विपक्ष की ओर से नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य व विधायक प्रीतम सिंह शामिल नहीं हुए। बैठक में सदन संचालन के लिए दो दिन का एजेंटा तय किया। पहले दिन राज्यपाल अभिभाषण के साथ ही बजट पेश होगा। 10 मार्च को राज्यपाल अभिभाषण पर चर्चा की जाएगी।
पहली बार राज्यपाल अभिभाषण के दिन ही बजट पेश किया जाएगा। चुनावी वर्ष के चलते बजट में महिला, किसान, युवा व गरीबों पर विशेष फोकस होगा। किसानों की आय बढ़ाने, महिला सशक्तीकरण, युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए बजट में प्राथमिकता होगी।
सरकार जनता के मुद्दों पर जवाब देने से बच रही है। यही वजह है कि राज्यपाल अभिभाषण के दिन ही बजट पेश किया जा रहा है। उत्तराखंड के राजनीतिक इतिहास में पहली बार ऐसा हो रहा है। भाजपा सरकार नियमों को नहीं मानने वाली नही है। संख्या बल पर सदन को चलाने का प्रयास किया जा रहा है।

+ There are no comments
Add yours