खबर रफ्तार, देहरादून : उत्तराखंड में बारिश-बर्फबारी का लंबा इंतजार खत्म हुआ। पहाड़ सफेद चादर में लिपटे नजर आए। चकराता से मुखबा तक खूबसूरत नज़ारा दिखा। वहीं बर्फ के दीदार से सैलानी झूम उठे।
उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदलते ही पहाड़ों पर बर्फबारी के खूबसूरत नजारे सामने आने लगे हैं। बर्फबारी ने ऊंचाई वाले इलाकों को सफेद चादर में ढक दिया है। चकराता से लेकर गंगा के शीतकालीन प्रवास मुखबा तक बर्फ गिरने से ठंड बढ़ी है। इसी के साथ पर्यटन स्थलों पर उत्साह और रौनक लौट आई है।
लंबे इंतजार के बाद प्रदेश में आज शुक्रवार को आखिरकार मौसम ने करवट ली। चकराता में सीजन की पहली बर्फबारी दर्ज की गई है। लोखंडी, आसमाड़, खड़म्बा, देवबन, मशक, कोटी कंसार और मुंडोई सहित आसपास की ऊंची पहाड़ियां बर्फ की सफेद चादर में ढक गई हैं।

सीजन की इस पहली बर्फबारी ने पहाड़ों में ठंड बढ़ाई है, लेकिन साथ ही पर्यटन कारोबारियों, सैलानियों और किसानों के लिए उम्मीद और उत्साह भी लेकर आई है।


+ There are no comments
Add yours