ख़बर रफ़्तार, हरिद्वार : उत्तराखंड में हरिद्वार के सिडकुल थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो बदमाश घायल हो गए। जबकि एक बदमाश फरार हो गया। दरअसल, बीती देर शाम सिडकुल स्थित एकम्स कंपनी के बाहर आपसी कहासुनी के दौरान दो बदमाशों ने गोली चला दी थी। इसमें पांच लोग घायल हो गए थे। वहीं घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया था। इसी बीच बदमाशों की तलाश में सिडकुल पुलिस ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। जिसके बाद आज यानी शनिवार की सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई।
एसएसपी हरिद्वार प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने जानकारी दी है कि सिडकुल क्षेत्र में गोलीबारी की घटना के बाद पुलिस लगातार संदिग्ध व्यक्तियों पर नज़र रखे हुए थी। इस के चलते चेकिंग के दौरान तीन संदिग्ध व्यक्ति भागने लगे। जिसके बाद पुलिस ने उनका पीछा करते हुए उन्हें घेर लिया। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। वहीं पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो बदमाशों के पैरों में गोली लगी और वे घायल हो गए। इस दौरान घायल बदमाशों को तुरंत अस्पताल भिजवाया गया। जहां दोनों घायल बदमाशों का इलाज चल रहा है।
एसएसपी ने कहा कि अपराधियों से संबंधित मामले में पूछताछ की जा रही है। साथ ही फरार बदमाश की तलाश जारी है। वहीं घटनास्थल पर पुलिस के आला अधिकारी मौजूद हैं और पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान तेज़ कर दिया गया है।
