ख़बर रफ़्तार, अल्मोड़ा: जिले में लगातार भारी बारिश का कहर जारी है. जिसको लेकर प्रशासन भी आपदा से प्रभावित होने वाले क्षेत्रों में नजर रखे हुए है. रानीखेत के इंदिरा बस्ती में रहने वाले ऐसे परिवार जिनके मकान गदेरों में या फिर उसके निकट बने हैं, उन परिवारों को प्रशासन ने घर खाली करने के नोटिस दिए हैं. वहीं उनसे नेशनल इंटर कॉलेज व रंगोली हाल में शिफ्ट करने को कहा गया है.
रानीखेत तहसील की इंदिरा बस्ती गदेरे में बसी हुई है. वर्षा काल में पहाड़ों में गदेरा उफान पर रहता है. सुरक्षा की दृष्टि से उन्हें वहां से हटा कर सुरक्षित स्थान में शिफ्ट करने की कार्रवाई प्रशासन ने की है. लेकिन अभी तक कोई भी परिवार शिफ्ट नहीं हुआ है. इस इंदिरा बस्ती में लगभग 100 परिवार कच्चे मकान बनाकर वर्षों से रह रहे हैं. गदेरे के पास ढलान वाली इस जमीन को कैंट एरिया में है, जिसमें इंदिरा बस्ती बनी है और वह भूस्खलन की चपेट में हैं. लगातार हो रही बारिश के कारण अनेक कच्चे मकान खतरे की जद में आ चुके हैं. यहां की जमीन लगातार खिसक रही है. जिसके कारण मकानों में दरारें भी आ चुकी हैं.
