धारी देवी दर्शन से लौट रहे 21 वर्षीय युवक की बंजी जंपिंग के बाद बिगड़ी तबीयत, अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत

खबरे शेयर करे -

ख़बर रफ़्तार, देहरादून : Bungee Jumping देहरादून के एक 21 वर्षीय युवक की बंजी जंपिंग करने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक अपने परिवार के साथ धारी देवी मंदिर के दर्शन कर लौट रहा था। रास्ते में उसने बंजी जंपिंग करने की इच्छा जताई, जिसके बाद परिवार की सहमति से उसने जंपिंग की। हालांकि, गतिविधि पूरी होने के कुछ ही समय बाद उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई और बाद में अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

धारी देवी दर्शन से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, कालागढ़ निवासी संजीव रस्तोगी का पुत्र लक्ष्य रस्तोगी अपने परिवार के साथ धारी देवी मंदिर गया हुआ था। वापसी के दौरान अलकनंदा नदी के ऊपर स्थित एक बंजी जंपिंग पॉइंट पर उसने जंपिंग की। इसके बाद उसे पेट और सीने में तेज दर्द महसूस होने लगा तथा सांस लेने में भी परेशानी होने लगी। परिजन पहले उसे पास के एक लॉज में ले गए, लेकिन हालत लगातार बिगड़ती देख उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाली पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मौत के कारणों की जांच जारी

चिकित्सकों के अनुसार युवक को अस्पताल लाए जाने तक उसकी नाड़ी नहीं चल रही थी। डॉक्टरों ने उसे बचाने के लिए सीपीआर समेत आवश्यक प्रयास किए, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। प्राथमिक जांच में मौत की वजह सिंकोप अटैक या कार्डियक स्ट्रोक होने की आशंका जताई गई है। हालांकि वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग मामले से जुड़ी सभी परिस्थितियों की जानकारी जुटा रहे हैं।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours