जंगलचट्टी के पास भूस्खलन की चपेट में आए 5 यात्री, खाई में गिरने से 2 की मौत, 3 घायल

खबर रफ़्तार, रुद्रप्रयाग : गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर पांच यात्रियों के खाई में गिरने की खबर सामने आई है। हादसे में दो लोगों की जान चली गई है।

गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर जंगलचट्टी के पास बड़ा हादसा हो गया। पहाड़ी से अचानक भारी मलबा गिरने के चलते पांच यात्री इसकी चपेट में आकर गहरी खाई में जा गिरे। हादसे में दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पहाड़ी पर भूस्खलन की वजह से यह घटना हुई। स्थानीय प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम द्वारा रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। घायलों को खाई से निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है।

बीते कुछ दिनों से उत्तराखंड के अधिकांश हिस्सों में प्री-मानसून की बारिश जारी है। मौसम विभाग ने पहले ही 19 जून को प्रदेश के कई जिलों में तेज गर्जना और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई थी। वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट भी जारी किया गया था।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा अन्य पहाड़ी जिलों में भी तेज गर्जन और हवाओं के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है। विभाग के अनुसार 23 जून तक प्रदेश में मौसम ऐसा ही बना रहेगा, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

 

You May Also Like

More From Author