उत्तराखंड: मुख्यमंत्री धामी के दौरे पर यूथ कांग्रेस का विरोध, पुलिस से झड़प

ख़बर रफ़्तार, रामनगर : उत्तराखंड के रामनगर में गुरुवार को यूथ कांग्रेस ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का काले गुब्बारे दिखाकर विरोध प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री धामी के दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण कार्यक्रम में पहुंचने से पूर्व ही रामनगर के लखनपुर चुंगी पर यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सुमित लोहनी के नेतृत्व में युवा कांग्रेस ने हाथों पर काले गुब्बारे लेकर मुख्यमंत्री का विरोध किया।

पुलिस ने तुरंत ही यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के हाथों से सभी काले गुब्बारों को फोड़कर उन्हें गिरफ्तार कर पुलिस वाहन में अपने साथ ले गई। इस दौरान पुलिस और यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हल्की झड़प भी देखने को मिली। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सख्ती दिखाते हुए प्रदर्शनकारियों को वहीं रोक लिया। सुमित लोहनी ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश का युवा आज बेरोजगारी की मार झेल रहा है और महंगाई चरम सीमा पर पहुंच चुकी है।

इसके बावजूद सरकार को जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार भी लगातार बढ़ रहा है और आम जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि यूथ कांग्रेस लगातार जनता की आवाज उठाती रहेगी और सरकार के खिलाफ अपना विरोध जारी रखेगी।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours