ख़बर रफ़्तार, अयोध्या: अयोध्या में राम मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण संपन्न हो गया। दूसरी तरफ मस्जिद की अभी तक नींव तक नहीं पड़ी है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर पांच एकड़ जमीन आवंटित की गई है।
रामनगरी अयोध्या में राम मंदिर के भूमि पूजन और प्राण प्रतिष्ठा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों मुख्य शिखर पर ध्वजारोहण भी हो गया। लेकिन, मस्जिद की अब तक नींव भी नहीं पड़ सकी है। राम मंदिर से 25 किलोमीटर दूर सोहावल के धन्नीपुर में प्रस्तावित स्थल पर मस्जिद के निर्माण शुरू होने में अभी और समय लग सकता है। इसके पीछे वजह है कि इसका नक्शा भी अब तक स्वीकृत नहीं कराया जा सका है।
मस्जिद ट्रस्ट ने पुरानी डिजाइन में भी बदलाव कर दिया है। अब नए सिरे से नक्शा पास कराने के लिए 31 दिसंबर को आवेदन किए जाने की तैयारी है। इसके पहले नक्शा पास करवाने के लिए अयोध्या विकास प्राधिकरण में दाखिल आवेदन स्वतः निरस्त हो चुका है। इसके पीछे की प्रमुख वजह आवेदन से जुड़ी प्रक्रियाओं को ट्रस्ट की ओर से पूरा न किया जाना रहा।

+ There are no comments
Add yours