पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने मंगलवार को पड़ोसी राज्य झारखंड में हुए एयर एंबुलेंस हादसे की गहन और पारदर्शी जांच की मांग की। इस हादसे में विमान में सवार सभी सात लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों के अनुसार, रेडबर्ड एयरवेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित बीचक्राफ्ट C90 एयर एंबुलेंस सोमवार शाम को झारखंड के रांची से दिल्ली जा रही थी। इसी दौरान यह विमान चतरा जिले के बरियातू पंचायत क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
टीएमसी ने कहा- भविष्य में ऐसे हादसे न हों, इसके उपाय किए जाने चाहिए
- टीएमसी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा एक पोस्ट में कहा, ‘झारखंड के चतरा जिले में एयर एंबुलेंस का दुखद हादसा, जिसमें सभी सात लोगों की जान चली गई, गहरे शोक का विषय है। हम शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हैं और इस कठिन घड़ी में उनके साथ एकजुटता से खड़े हैं।’
- पार्टी ने आगे कहा, ‘हम संबंधित प्राधिकरणों से आग्रह करते हैं कि दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए गहन और पारदर्शी जांच कराई जाए तथा भविष्य में ऐसी त्रासदियों को रोकने के लिए मजबूत सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं।’
- विमान ने सोमवार शाम 7:11 बजे रांची हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी और करीब 7:30 बजे लापता हो गया। उड़ान भरने के लगभग 20 मिनट बाद उसका एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क टूट गया।
- रांची हवाई अड्डे के निदेशक विनोद कुमार ने कहा कि खराब मौसम हादसे का संभावित कारण हो सकता है, हालांकि वास्तविक वजह का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
दिल्ली से विशेषज्ञों की टीम चतरा पहुंची
हादसे की फोरेंसिक जांच के लिए दिल्ली से विशेषज्ञों की टीम चतरा पहुंची है। मौके पर कई प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस बल और अर्द्धसैनिक बल के जवान तैनात हैं। रेड बर्ड एविएशन कंपनी की एयर एम्बुलेंस रांची से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। सोमवार शाम करीब साढ़े सात बजे सिमरिया थाना क्षेत्र के करमाटांड़ जंगल के पास विमान का एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से अचानक संपर्क टूट गया। इसके बाद विमान अनियंत्रित होकर क्रैश हो गया। संपर्क टूटते ही विमानन अधिकारियों ने हाई अलर्ट जारी कर सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। रडार लोकेशन के आधार पर क्रैश विमान की लोकेशन खोजी गई।
लातेहार जिले के चंदवा निवासी 41 वर्षीय संजय कुमार 55 प्रतिशत झुलसने के बाद बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जाए जा रहे थे। हादसे के समय इलाके में तेज हवा, बिजली की कड़कड़ाहट और मूसलाधार बारिश हो रही थी। प्रारंभिक आशंका है कि खराब मौसम भी दुर्घटना का एक कारण हो सकता है। घटना के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। भाजपा नेता विद्यासागर आर्य ने हादसे पर शोक जताते हुए राज्य सरकार की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाए और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
+ There are no comments
Add yours