खबर रफ़्तार, नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को 1947 के विभाजन के दौरान जान न्योछावर करने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कांग्रेस पर देश को विभाजित करने और मां भारती के गौरव को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया।
विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर मार्मिक पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, ‘भारत इतिहास के दुखद अध्याय के दौरान अनगिनत लोगों की ओर से झेले गए उथल-पुथल और दर्द को याद करते हुए आज के दिन को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के रूप में याद करता है। यह उनके साहस का सम्मान करने का भी दिन है, अकल्पनीय क्षति का सामना करने और फिर भी नए सिरे से शुरुआत करने की ताकत पाने की उनकी क्षमता का सम्मान करने का दिन है। प्रभावित हुए कई लोगों ने अपने जीवन का पुनर्निर्माण किया और उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं। यह दिन हमारे देश को एक सूत्र में पिरोने वाले सद्भाव के बंधन को मजबूत करने की हमारी स्थायी जिम्मेदारी की भी याद दिलाता है।’
मोदी सरकार देश के विभाजन के दौरान जान गंवाने वालों की याद में 2021 से 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के रूप में याद करती है। 2021 में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस की घोषणा करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि यह दिन लोगों के संघर्षों और बलिदानों की याद में हमारी स्मृतियों में रहेगा, क्योंकि विभाजन का दर्द कभी भुलाया नहीं जा सकता है। पीएम मोदी ने यह भी कहा था कि विभाजन के कारण हुई नफरत और हिंसा के कारण लाखों लोग विस्थापित हुए और कई लोगों ने अपनी जान गंवाई।
कल स्वतंत्रता दिवस मनाएगा भारत
विभाजन के जरिए ब्रिटिश भारत दो स्वतंत्र देशों भारत और पाकिस्तान में विभाजित हो गया। भारत शुक्रवार को अपना स्वतंत्रता दिवस मनाएगा।
+ There are no comments
Add yours