खबर रफ्तार, चंडीगढ़ : चंडीगढ़ में धमकियां मिलने का सिलसिला लगातार जारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंजाब दाैरे से पहले भी चंडीगढ़ के कई स्कूलों को धमकी भरे मेल आए थे।
चंडीगढ़ में एक बार फिर स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया।
शुक्रवार को विवेक हाई स्कूल और गुरुकुल भवन विद्यालय और अन्य कई प्राइवेट और सरकारी स्कूलों को ईमेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी भेजी गई। सूचना मिलते ही स्कूल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को अवगत कराया।
चंडीगढ़ में धमकियां मिलने का सिलसिला लगातार जारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंजाब दाैरे से पहले भी चंडीगढ़ के कई स्कूलों को धमकी भरे मेल आए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची। एहतियातन स्कूलों को खाली करवा लिया गया और छात्रों को सुरक्षित स्थान पर भेजा गया। इसके बाद पूरे परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। कक्षाओं, कार्यालयों, स्टोर रूम और अन्य स्थानों की बारीकी से जांच की गई।
प्रारंभिक जांच में किसी प्रकार की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। हालांकि सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस की जांच देर शाम तक जारी रही। स्कूल के आसपास के क्षेत्र में भी निगरानी बढ़ा दी गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, धमकी भरा ईमेल किस आईडी से भेजा गया, इसकी जांच की जा रही है। साइबर सेल की टीम तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ईमेल भेजने वाले की पहचान में जुटी है। अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले भी शहर के कुछ शिक्षण संस्थानों को इस तरह के ईमेल मिल चुके हैं, जिनमें कोई विस्फोटक नहीं मिला था।
प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है। इस तरह से बार-बार स्कूलों और अन्य सरकारी संस्थान में बम की धमकी से शहर वासियों की चिंता बढ़ गई है।
लोगों का कहना कि अब यह रोजमर्रा की बात हो गई है इसके लिए चंडीगढ़ प्रशासन और भारत सरकार को अब कुछ बड़े कदम उठाने चाहिए।

+ There are no comments
Add yours