Jammu-Kashmir में नेशनल कॉन्फ्रेंस की अंदरूनी कलह तेज, विधायक ने डिप्टी CM को बताया ‘ठग’

ख़बर रफ़्तार , श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर की सत्ताधारी नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) में अंदरूनी असंतोष अब सार्वजनिक रूप से सामने आने लगा है। पार्टी के बुधल से विधायक जाविद इकबाल चौधरी ने उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी के खिलाफ तीखी टिप्पणी करते हुए उन्हें ‘ठग’ करार दिया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर पोस्ट साझा कर जाविद ने कहा कि वह उपमुख्यमंत्री के कार्यक्रमों में शामिल नहीं होंगे, क्योंकि उनके लिए आत्मसम्मान और अपने क्षेत्र के लोगों के हित सर्वोपरि हैं।

यह विवाद ऐसे समय सामने आया है, जब पार्टी नेतृत्व पहले ही नाराज विधायकों को मनाने की कोशिश कर चुका है। इससे नेशनल कॉन्फ्रेंस के भीतर चल रही गुटबाजी और मतभेदों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

15 नाराज विधायकों के साथ हुई थी बंद कमरे में बैठक

इससे करीब एक सप्ताह पहले 6 नवंबर को श्रीनगर में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और नेशनल कॉन्फ्रेंस के वरिष्ठ नेता फारूक अब्दुल्ला के आवास पर पार्टी के असंतुष्ट विधायकों के साथ बैठक हुई थी। इस बैठक में करीब 15 नाराज विधायक शामिल हुए थे।

बताया गया कि विधायकों ने उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी और मुख्यमंत्री के करीबी सहयोगी एवं सलाहकार नासिर असलम वानी को उनके पदों से हटाने की मांग उठाई थी। विधायकों की नाराजगी के पीछे विकास कार्यों और क्षेत्रीय भेदभाव से जुड़े मुद्दे बताए जा रहे हैं।

एलजी से मुलाकात को लेकर उठे सवालों पर जाविद ने दी सफाई

ईटीवी भारत से बातचीत में जाविद इकबाल चौधरी ने बताया कि शुक्रवार को जम्मू स्थित राजभवन में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के साथ उनकी मुलाकात पहले से निर्धारित थी। यह बैठक हज यात्रा से जुड़े विषयों पर होनी थी। गौरतलब है कि जाविद को हाल ही में जम्मू-कश्मीर हज कमेटी का सदस्य नियुक्त किया गया है।

विधायक के अनुसार, सोशल मीडिया पर एक पोस्टर के जरिए उपराज्यपाल से उनकी मुलाकात को प्रचारित किया गया और इसकी तुलना उपमुख्यमंत्री के कार्यक्रम में उनकी गैरमौजूदगी से की गई। जाविद ने कहा कि इसी के जवाब में उन्होंने उपमुख्यमंत्री के लिए ‘ठग’ शब्द का इस्तेमाल किया और वह अपनी टिप्पणी पर कायम हैं।

राजौरी-पुंछ के साथ भेदभाव का लगाया आरोप

जाविद इकबाल चौधरी ने उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी पर विकास कार्यों के आवंटन में क्षेत्रीय भेदभाव करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि उपमुख्यमंत्री ने अपने विधानसभा क्षेत्र नौशेरा को प्राथमिकता दी, जबकि राजौरी और पुंछ के अन्य इलाकों की अनदेखी की गई।

उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के सामने भी उठाया गया था। नाराज विधायकों ने मुख्यमंत्री से सड़क एवं भवन विभाग वापस लेने की मांग की है। जाविद के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने 15 दिनों के भीतर विभाग में बदलाव करने का आश्वासन दिया है।

370 करोड़ रुपये के फंड को लेकर भी उठाए सवाल

विधायक ने आरोप लगाया कि पीर पंजाल क्षेत्र के विकास के लिए निर्धारित 370 करोड़ रुपये की राशि का इस्तेमाल उपमुख्यमंत्री ने अपने विधानसभा क्षेत्र में करवा दिया। उनके मुताबिक, इस राशि में से 130 करोड़ रुपये सड़क और पुलों के निर्माण के लिए निर्धारित थे।

जाविद ने दावा किया कि नाराज विधायकों ने मुख्यमंत्री को उपमुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र में जारी कार्यों से संबंधित आदेश भी सौंपे हैं। उनका आरोप है कि विकास योजनाओं और बजट के वितरण में दूसरे क्षेत्रों के साथ उचित व्यवहार नहीं किया गया।

पीर पंजाल क्षेत्र में राजौरी और पुंछ जिले शामिल हैं। इस क्षेत्र में विधानसभा की आठ सीटें हैं, जिनमें से छह पर नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायक हैं। उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी भी इसी क्षेत्र के नौशेरा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं।

विधायकों ने 15 दिन का दिया अल्टीमेटम

नाराज विधायकों ने अपनी मांगों को लेकर पार्टी नेतृत्व को ज्ञापन सौंपा है और समाधान के लिए 15 दिनों की समयसीमा तय की है। इस बीच फारूक अब्दुल्ला ने मंत्रियों के कामकाज में विधायकों की भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रत्येक मंत्री के साथ एक अनौपचारिक सलाहकार पैनल बनाने का सुझाव दिया है।

इस प्रस्ताव का उद्देश्य पार्टी संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना बताया गया है। दरअसल, असंतुष्ट विधायकों ने खराब प्रदर्शन का हवाला देते हुए सभी आठ मंत्रियों को बदलने की मांग भी उठाई थी।

हालांकि, जाविद इकबाल चौधरी ने स्पष्ट किया है कि विधायक अपनी मांगों से पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री से सड़क एवं भवन विभाग वापस लेकर उन्हें कम महत्व वाला मंत्रालय दिया जाना चाहिए। जाविद के मुताबिक, विधायकों का रुख साफ है कि उपमुख्यमंत्री को मौजूदा जिम्मेदारी से हटाया जाना चाहिए।

You May Also Like

More From Author