हरिद्वार के कनखल में लुटेरे ने बुजुर्ग महिला के घर में घुसकर की चेन स्नेचिंग, बाजार से कर रहा था पीछा

ख़बर रफ़्तार, हरिद्वार: धर्मनगरी में इन दिनों चोरी और लूट की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. मानो अब चोरों को पुलिस का भी डर नहीं रहा. ऐसा इसलिए कहा जा रहा है क्योंकि चेन स्नेचिंग की ताजा तरीन घटना हरिद्वार में हुई है. बेखौफ लुटेरे ने जैसे महिला के गले से चेन छीनी उससे अपराधियों की मानसिकता का पता चल रहा है.

हरिद्वार में महिला से चेन स्नेचिंग

हरिद्वार में एक बुजुर्ग महिला के घर में घुसकर चेन स्नेचिंग करने का मामला सामने आया है. चेन स्नेचिंग की यह वारदात घर में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है. चेन स्नेचिंग का घटनाक्रम इतनी तेजी से हुई कि बुजुर्ग महिला कुछ भी नहीं समझ सकी, और लुटेरा उनके गले से चेन झपटकर पैदल ही भाग गया.

घर में घुसकर लूट ले गया चेन

बताया जा रहा है कि महिला कृष्णानगर की रहने वाली है. मंगलवार शाम को वो बाजार में खरीदारी करने गई थी. तभी वहां से एक चेन स्नेचर महिला के पीछे लग गया. महिला जब अपने घर पहुंची तो आसपास गली में कोई मौजूद नहीं था. लुटेरे ने सुनसान गली का फायदा उठाया. जैसे ही महिला अपने घर के अंदर घुसी, तभी मौका पाकर स्नेचर ने महिला के गले पर झपट्टा मारा और चेन छीनकर फरार हो गया.

चेन स्नेचिंग से सनसनी

सूचना मिलते ही कनखल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी की धरपकड़ के प्रयास किए, लेकिन तब तक वो फरार होने में कामयाब रहा. कनखल की थाना प्रभारी भावना केंथुला ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं. जल्द ही चेन स्नेचर को पकड़ लिया जाएगा. वहीं दिन दहाड़े घर में घुसकर हुई इस वारदात के बाद क्षेत्र में सनसनी मच गई है.

ये भी पढ़ें:- अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा GMVN पौड़ी का टूरिस्ट रेस्ट हाउस, सरकार के दावों की खुली पोल

You May Also Like

More From Author