खबर रफ्तार, बिलासपुर: जिले में अवैध रूप से संचालित हुक्का बार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। चकरभाठा क्षेत्र के होटल शिवा इन की छत पर अवैध हुक्का बार चलाए जाने की सूचना पर पुलिस टीम ने दबिश दी। पुलिस के पहुंचते ही मैनेजर ने चिलम और तंबाकू को फ्रीज में छिपाने की कोशिश की, लेकिन तलाशी के दौरान पुलिस ने हुक्का पॉट, चिलम और फ्लेवरयुक्त तंबाकू बरामद कर लिया। मामले में होटल मैनेजर को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ कोटपा एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
सीएसपी निमितेष सिंह ने बताया कि एसएसपी रजनेश सिंह ने होटल और बार में अवैध रूप से हुक्का संचालन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसके तहत पुलिस की टीम अलग-अलग क्षेत्रों में हुक्का बार संचालित करने वालों की जानकारी जुटा रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि चकरभाठा क्षेत्र के होटल शिवा इन की छत पर हुक्का बार का संचालन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही अधिकारियों ने चकरभाठा पुलिस को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अधिकारियों के निर्देश पर रविवार रात पुलिस की टीम ने होटल में दबिश दी।
पुलिस के पहुंचने की जानकारी मिलते ही होटल स्टाफ ने हुक्का पी रहे लोगों को वहां से भगा दिया और हुक्का पॉट को छिपाने लगे। पुलिस ने जब होटल के किचन की तलाशी ली तो वहां भारी मात्रा में फ्लेवरयुक्त तंबाकू और हुक्का-चिलम बरामद हुए। पुलिस ने इन्हें जब्त कर होटल के मैनेजर सिद्धार्थ गुप्ता (39 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ कोटपा एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

+ There are no comments
Add yours