
ख़बर रफ़्तार, प्रयागराज: भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रदेश की 80 में से 51 लोकसभा सीट से प्रत्याशियों के नाम की सूची जारी करने के बाद अब सभी निगाहें फूलपुर और इलाहाबाद लोकसभा सीट पर टिकी हुईं हैं। इन दोनों ही सीटों पर भाजपा का कब्जा है। इस बीच अब फिर से इस बात के कयास लगाए जा रहे हैं कि सपा के वरिष्ठ नेता रेवती रमण सिंह किसी भी दिन पार्टी से नाता तोड़ सकते हैं। उनके भाजपा में जाने की अटकलें लगाई जा रही हैं। वहीं, कुछ लोगों ने उनके कांग्रेस से संपर्क में होने की बात कही है।
गठबंधन के बाद सपा ने इलाहाबाद लोकसभा सीट कांग्रेस को दे दी गई है। इस सीट से सपा के टिकट पर रेवती रमण सिंह लगातार दो बार सांसद रह चुके हैं। बताया जा रहा है कि वह इस सीट से अपने पुत्र उज्जवल रमण सिंह को टिकट दिए जाने की वकालत कर रहे थे, लेकिन कांग्रेस के पास यह सीट जाने के बाद उन्हें काफी झटका लगा। इसे लेकर पिछले दिनों ही रेवती ने अपनी नाराजगी भी जताई। उन्होंने यह भी कह दिया कि अखिलेश किसी की नहीं सुनते। बीते ढाई वर्ष से उनकी अखिलेश से बात भी नहीं हुई।
इलाहाबाद लोकसभा सीट पर 1984 के बाद से कांग्रेस चुनाव नहीं जीत सकी है। इस सीट पर समाजवादियों का वर्चस्व रहा है। रेवती के करीबियों का कहना है कि वह अब सपा से नाता तोड़ सकते हैं। इस बीच खबर यह भी आई है कि रेवती की भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात भी हो चुकी है।
+ There are no comments
Add yours