खबर रफ्तार, लुधियाना/वृंदावन : वृंदावन में यमुना नदी पर हुए दर्दनाक नाव हादसे के बाद लुधियाना और जगराओं के कई परिवारों में गहरा शोक छा गया है। हादसे में मारे गए श्रद्धालुओं के शव उनके घर पहुंचते ही माहौल भावुक और गमगीन हो गया।
दुगरी फेस-2 में अंजू गुलाटी, राकेश गुलाटी और मीनू बंसल के अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में रिश्तेदार और स्थानीय लोग पहुंचे। वहीं जगराओं के गीता कॉलोनी में कविता बहल, चरणजीत, मधुर बहल, पिंकी बहल और ईशान कटारिया के घरों में भी मातम का माहौल रहा।
जानकारी के मुताबिक, पंजाब से करीब 130 श्रद्धालु दो बसों में वृंदावन दर्शन के लिए गए थे। इनमें से कई लोग सुरक्षित लौट आए, जबकि कुछ हादसे की चपेट में आ गए। नाव पलटने से तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी और कई लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।
राहत और बचाव कार्य दूसरे दिन भी जारी है। सेना और पुलिस की टीमें लापता लोगों की तलाश में जुटी हैं। अब तक 22 लोगों को सुरक्षित बचाया जा चुका है।
मीनू बंसल के परिवार ने प्रशासन से अपील की है कि उनकी लापता बेटी डिंकी बंसल की तलाश तेज की जाए, क्योंकि उसका अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है।
प्रशासन ने नाव चालक पप्पू निषाद को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच जारी है। अंतिम संस्कार आज दोपहर बाद किए जाने की तैयारी है।

+ There are no comments
Add yours