खबर रफ्तार, सहारनपुर: गोशाला रोड स्थित रामलीला भवन में आयोजित शादी समारोह में भाजपा मंडल महामंत्री की गोली लगने से मौत हो गई। ‘तमंचे पर डिस्को’ गाने पर दूल्हे का जीजा लाइसेंसी पिस्टल से फायर कर रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
कोतवाली मंडी क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग में मानकमऊ मंडल के भाजपा महामंत्री शिवचरण रोहिला (50) की गोली लगने से मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के बेटे की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को पकड़ लिया है। पकड़ा गया आरोपी दूल्हे का जीजा है।
थाना सदर बाजार क्षेत्र में नवादा रोड पर कमल विहार जाली वाली फैक्टरी निवासी शिवचरण रोहिला बृहस्पतिवार रात कोतवाली मंडी क्षेत्र के रहने वाले नवीन उपाध्याय के बेटे की शादी में शामिल हुए थे। शादी समारोह गोशाला रोड स्थित रामलीला भवन में चल रहा था। नवीन उपाध्याय का रिश्तेदार रोहित उपाध्याय निवासी मोहल्ला सरस्वती विहार थानाभवन जिला शामली डीजे पर गाना बजवाकर हाथ में पिस्टल लेकर डांस कर रहा था।
इसी दौरान पिस्टल से गोली चल गई, जो पास में खड़े शिवचरण रोहिला की छाती में जा लगी। गोली लगने से वह जमीन पर गिर पड़े। इससे शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। परिजन व अन्य लोग घायल शिवचरण को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शिवचरण रोहिला पर मानकमऊ मंडल में महामंत्री का पद था।

+ There are no comments
Add yours