बरेली: चोरों की गोली से घायल व्यापारी की मौत, विरोध करने पर किया था फायर

खबरे शेयर करे -

ख़बर रफ़्तार, बरेली : छह दिन पहले चोरों की गोली लगने से घायल व्यापारी श्रीकांत पाटिल ने मंगलवार रात 8 बजे अस्पताल में दम तोड़ दिया। इससे पूरे कस्बे में पुलिस के खिलाफ गुस्सा भड़क उठा। बाजार को बंद करके व्यापारियों ने हंगामा काटा। मौके पर कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह पहुंचे। लोगों को समझाकर उन्हें शांत कराया और कार्रवाई का आश्वासन दिया।

चोरी का विरोध करने पर किया था फायर
मोहल्ला बाग बख्शी इफको कॉलोनी में रहने वाले 44 वर्षीय श्रीकांत पाटिल उर्फ मराठा मोहल्ला पक्का कटरा में सुनारी का कारोबार करते थे। बृहस्पतिवार को वह अपने निर्माणाधीन मकान की रखवाली के लिए रात में वहीं लेटे हुए थे। रात करीब एक बजे उनके मकान में चोरी के लिए पहुंचे तीन चोरों ने उन्हें जागते देखा तो लौट गए और फिर कुछ दूर अनुपुरा मोहल्ला में रहने वाले सालिग राम के मकान का ताला तोड़ने लगे। बाहर निकले श्रीकांत ने उन्हें ताले तोड़ते देखा तो शोर मचाकर एक चोर को दबोच लिया। उठापटक के बीच चोर ने तमंचा निकालकर उनके पेट में गोली मार दी।

गंभीर घायल श्रीकांत को बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां मंगलवार रात करीब 8 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। उनकी मृत्यु की सूचना कस्बे में पहुंची तो उनके घर पर सैकड़ों लोग इकट्ठे हो गए। कस्बे के व्यापारी नेता अस्पताल रवाना हो गए। वरुण अग्रवाल समेत कई व्यापारियों ने बताया कि श्रीकांत की जान पुलिस की नाकामी की वजह से गई है।

गुस्साए व्यापारियों को मंत्री धर्मपाल ने कराया शांत
गुस्साए व्यापारियों ने बाजार बंद रखने के दौरान जमकर हंगामा काटा। मौके पर कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह पहुंचे। आरोपियों के खिलाफ लोगों को सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इसके बाद व्यापारियों ने दुकानों को खोला।

सीसीटीवी फुटेज में दिखे संदिग्ध
मामले में पुलिस ने चार टीमों का गठन किया है। पुलिस आसपास लगे सीटीटीवी को खंगालने में लगी हुई है। CCTV फुटेज में कुछ महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। इसके साथ-साथ एसओजी टीम व सर्विलांस टीम को भी घटना के अनावरण के लिए लगाया है। कुछ संदिग्धों के फोटो पुलिस को मिले हैं। उसी के आधार पर आरोपियों को पुलिस तलाशने में जुट गई है।

Also read- बरेली में मजदूरों और नशेड़ियों को रुपयों का लालच देकर खून की तस्करी करने वाले आरोपी गिरफ्तार

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours