विनय त्यागी पर हमला: सुनियोजित हत्या की साजिश, भीड़ में घुसकर बदमाशों ने चलाईं गोलियां

ख़बर रफ़्तार, लक्सर (रुड़की) : बदमाशों के पास पत्थर भी थे। कुख्यात को भी हमले का अंदेशा था। उसने न्यायालय में अपनी हत्या का अंदेशा जताते हुए सुरक्षा की मांग की थी। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि बदमाश सुनियोजित तरीके से हत्या को अंजाम देने आए थे।

हमलावर बदमाश सुनियोजित तरीके से विनय त्यागी की हत्या को अंजाम देने के इरादे से आए थे। बेखौफ बदमाशों ने जिस तरह फिल्मी अंदाज में जाम और भीड़ के बीच फ्लाईओवर पर ताबड़तोड़ फायरिंग की और असलाह लहराते हुए पैदल दौड़ते हुए फरार हुए इससे उनके पेशेवर शूटर होने का अंदाजा लगाया जा रहा है। वारदात को गैंगवार से भी जोड़कर देखा जा रहा है।

पुलिसकर्मियों ने बताया कि न्यायालय के निर्देश पर कोर्ट में पेशी के दौरान उसकी सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। कोर्ट के निर्देश पर ही त्यागी को पेशी पर लाने के दौरान एक दरोगा सहित पांच पुलिसकर्मी तैनात थे। कोर्ट जाने वाले मार्गों पर भी पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था।

मूल रूप से मुजफ्फरनगर जनपद के पुरकाजी थाना क्षेत्र निवासी विनय त्यागी वर्तमान में मेरठ के जागृति विहार में रहता है। विनय त्यागी को कुख्यात सुनील राठी का नजदीकी बताया जाता है। विनय के खिलाफ उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली में हत्या, लूट, डकैती, धोखाधड़ी के 40 से अधिक संगीन मामले दर्ज हैं। उसकी पत्नी निशी त्यागी पूर्व ब्लॉक प्रमुख है। पिछले दिनों देहरादून पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था।

25 लाख की धोखाधड़ी के मामले में थी पेशी
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद के नकुड़ निवासी अजय कुमार ने चार दिसंबर को विनय त्यागी और उसकी पत्नी निशी पर धोखाधड़ी व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। अजय ने कुख्यात और उसकी पत्नी पर लक्सर क्षेत्र में स्थित एक कृषि भूमि का एक करोड़ में सौदा करने व एडवांस के नाम पर 25 लाख की रकम हड़पने का आरोप लगाया है। इसी मामले में बुधवार को पुलिस विनय त्यागी को कोर्ट में पेशी पर लेकर जा रही थी।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours