ख़बर रफ़्तार, बागेश्वर: उत्तराखंड के बागेश्वर में मीट मार्केट की गंदगी का कूड़ा गाड़ी में डालने को लेकर जमकर बवाल हुआ। दरअसल, नगर में गंदगी फैलाने वालों पर नगर पालिका सख्त हो गई है। एक सप्ताह के भीतर दूसरी कार्रवाई की है। मीट मार्केट की गंदगी का कूड़ा गाड़ी में डालना महंगा पड़ रहा है। पालिका ने एक महिला के विरुद्ध कार्रवाई की है।
नगर पालिका ने महिला पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। जिससे मीट मार्केट के दुकानदारों पर हड़कंप मचा हुआ है। शहर को स्वच्छ बनाने के लिए नगर पालिका हर संभव प्रयास कर रही है, लेकिन कुछ लोग स्वच्छता को पलीता लगाने का काम कर रहे हैं। अधिशासी अधिकारी स्वयं एक्टिव हैं। वह सुबह से ही गंदगी फैलाने वालों पर नजर रखे हुए हैं।
मांस के अवशेष डालते हुए धरी गई महिला
शुक्रवार को एक महिला को उन्होंने जिला अस्पताल के समीप रंगेहाथ दबोच लिया। वह कूड़ा गाड़ी में मांस के अवशेष डालते हुए धरी गई। जिसको लेकर पालिका कर्मचारियों के साथ तीखी नोकझोंक भी हुई। ईओ हयात सिंह परिहार ने बताया कि नगर में डुगडुगी की जा रही है। जैविक और अजैविक कूड़ा अलग-अलग करने की व्यवस्था भी है। कूड़ा गाड़ी में भी यह व्यवस्था है, लेकिन मांस के अवशेष, मुर्गा आदि के पंखे आदि को नष्ट करने के निर्देश पहले ही दिए गए हैं। निर्देश के बाद भी कुछ लोग मान नहीं रहे हैं।
भागीरथ मीट मार्केट में भी हुआ था बवाल
इसी सप्ताह भागीरथ मीट मार्केट से तलसीम पुत्र हमीद खान को भी मछली और मुर्गा के अवशेष फेंकते हुए रंगेहाथ पकड़ा गया था। उससे भी 10 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। उन्होंने कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। शहर को गंदा करने वालों के विरुद्ध अर्थदंड के अलावा भी कार्रवाई की जाएगी।
+ There are no comments
Add yours