Kashipur में कांस्टेबल की पत्नी और दो बच्चों पर खुखरी से हमला, आरोपी गिरफ्तार ; पैसों के विवाद में वारदात

ख़बर रफ़्तार, काशीपुर : Kashipur उत्तराखंड के काशीपुर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां उत्तर प्रदेश पुलिस में तैनात एक कांस्टेबल की पत्नी और उनके दो बच्चों पर खुखरी से जानलेवा हमला किया गया। हमले में महिला और दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उन्हें दिल्ली के मैक्स अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी संजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में पैसों के लेनदेन और आपसी विवाद को हमले की वजह बताया जा रहा है।

घर में घुसकर महिला और बच्चों पर किया हमला

जानकारी के मुताबिक, काशीपुर निवासी सचिन कुमार उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल हैं और वर्तमान में बरेली में तैनात हैं। 18 नवंबर की रात करीब नौ बजे सचिन ट्रेन से बरेली से काशीपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी पत्नी का फोन आया। पत्नी ने उन्हें बताया कि संजय नाम के व्यक्ति ने उन पर और बच्चों पर हमला कर दिया है।

कुछ देर बाद फोन कट गया और संपर्क नहीं हो सका। इससे घबराए सचिन तुरंत अपने घर पहुंचे। वहां मुख्य गेट के बाहर खून बिखरा हुआ मिला। आसपास के लोगों से जानकारी लेने पर पता चला कि उनकी पत्नी और दोनों बच्चों को एक व्यक्ति कार से अस्पताल लेकर गया है।

पुलिस ने आरोपी संजय कुमार को किया गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी संजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मुरादाबाद जिले के डिलारी क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी और सचिन कुमार के बीच पहले से जान-पहचान थी। दोनों के बीच पैसों का लेनदेन भी होता था। इसके अलावा लिव-इन रिलेशनशिप का प्रमाण पत्र बनवाने और महिला के साथ रहने को लेकर भी विवाद की बात सामने आई है।

पैसों के लेनदेन और आपसी विवाद में हमले की आशंका

एसपी स्वप्न किशोर सिंह के अनुसार, घटना वाले दिन आरोपी महिला के घर पहुंचा था। वहां किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया, जिसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर खुखरी से महिला और दोनों बच्चों पर हमला कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ही अपनी कार से तीनों घायलों को अस्पताल लेकर पहुंचा था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हमले में इस्तेमाल खुखरी, वारदात में प्रयुक्त कार और पीड़ित परिवार के सामान से भरे दो बैग बरामद किए हैं।

BNS और आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। वहीं, घायल महिला और दोनों बच्चों का दिल्ली के मैक्स अस्पताल में उपचार जारी है।

You May Also Like

More From Author