Khatima की रिया ने IGNOU परीक्षा में हासिल किया ऑल इंडिया रैंक-1, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया सम्मानित

ख़बर रफ़्तार , खटीमा : उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के सीमांत क्षेत्र खटीमा की बेटी रिया ने अपनी शैक्षणिक प्रतिभा और कड़ी मेहनत से बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (IGNOU) की एमए राजनीतिक विज्ञान परीक्षा में रिया ने ऑल इंडिया रैंक-1 प्राप्त कर पूरे देश में पहला स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 10 नवंबर को उन्हें राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किया।

राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस सफलता के बाद शनिवार को रिया के खटीमा पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। नगरवासियों ने फूल-मालाएं पहनाकर और सम्मान समारोह आयोजित कर उनकी उपलब्धि का जश्न मनाया।

13 प्रतियोगी परीक्षाएं भी पास कर चुकी हैं रिया

रिया की सफलता इसलिए भी खास है, क्योंकि वह अब तक 13 प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर चुकी हैं। लगातार मेहनत और पढ़ाई के प्रति समर्पण ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है। अब रिया का अगला लक्ष्य देश की प्रतिष्ठित संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा पास करना है।

उनकी उपलब्धि पर नगरवासी विशाल मौर्य और प्रवक्ता पंकज कुमार ने प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि छोटे शहर से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर पहला स्थान हासिल करना असाधारण उपलब्धि है। रिया ने अपनी मेहनत और लगन से खटीमा का गौरव बढ़ाया है।

माता-पिता और शिक्षकों को दिया सफलता का श्रेय

सम्मान समारोह के दौरान रिया ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और दिल्ली क्लासेस के शिक्षकों को दिया। उन्होंने बताया कि पढ़ाई के दौरान साथी छात्राओं से भी समय-समय पर सहयोग और प्रोत्साहन मिलता रहा।

रिया ने विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा कि दृढ़ संकल्प, एकाग्रता और लगातार मेहनत के जरिए किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।

छोटी जगह से बड़ी सफलता हासिल करने वालों के लिए बनीं प्रेरणा

नगरवासी वरुण अग्रवाल ने कहा कि देशभर में किसी परीक्षा में पहला स्थान प्राप्त करना सामान्य उपलब्धि नहीं है। खटीमा जैसे छोटे शहर की छात्रा ने अपनी मेहनत और लगन से राष्ट्रीय स्तर पर नगर का नाम रोशन किया है। उन्होंने रिया की सफलता को पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बताया।

रिया की उपलब्धि से उनके परिवार, शिक्षकों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। रिया की यह सफलता क्षेत्र के उन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेगी, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े लक्ष्य हासिल करने का सपना देखते हैं।

You May Also Like

More From Author