ख़बर रफ़्तार , हैदराबाद : तेलंगाना में गिग वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा और बेहतर सुविधाएं देने की दिशा में राज्य सरकार ने नई पहल की है। शनिवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने गिग वर्कर्स के लिए विशेष कल्याण योजना का शुभारंभ किया। इस दौरान सरकार ने कामगारों को बीमा, कानूनी संरक्षण और आर्थिक सुरक्षा उपलब्ध कराने से जुड़े कई महत्वपूर्ण ऐलान किए।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्क, मंत्री पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी, विवेक, दामोदर राजा नरसिम्हा, पोन्नम प्रभाकर, कोमाटिरेड्डी वेंकट रेड्डी और सीथक्का सहित तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी (टीपीसीसी) के अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ भी मौजूद रहे।
राहुल गांधी बोले- गिग वर्कर्स से किया वादा पूरा किया
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि गिग वर्कर्स की समस्याओं और उनके कल्याण को लेकर पहले किया गया वादा अब पूरा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इससे पहले उनकी गिग वर्कर्स से मुलाकात हुई थी, जिसमें काम के घंटों, कमाई और कामकाज के दौरान आने वाली परेशानियों पर चर्चा की गई थी।
राहुल गांधी के मुताबिक, अब तक इस क्षेत्र में काम करने वाले लोगों की संख्या, उनके काम के घंटे और उनकी आय से संबंधित विश्वसनीय आंकड़ों की कमी रही है। नई व्यवस्था के तहत इन जानकारियों को व्यवस्थित किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि डिलीवरी, काम और कमाई से जुड़ी जानकारी कामगारों को सीधे उनके मोबाइल फोन पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।
राइडर्स के लिए बनेंगे वाई-फाई सुविधा वाले रेस्ट सेंटर
योजना के तहत हैदराबाद समेत तेलंगाना के अन्य शहरों में डिलीवरी राइडर्स के लिए आराम करने की सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इन स्थानों पर वाई-फाई जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराने की बात कही गई है, ताकि काम के बीच राइडर्स को राहत मिल सके।
राहुल गांधी ने बताया कि तेलंगाना सरकार गिग वर्कर्स को 5 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा और 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराएगी। इसके अलावा उनकी पेंशन, बचत और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए भी विशेष कदम उठाने का आश्वासन दिया गया।
हर डिलीवरी की कमाई का एक प्रतिशत खाते में होगा जमा
कार्यक्रम में गिग वर्कर्स के आर्थिक हितों से जुड़ी एक अहम घोषणा भी की गई। इसके अनुसार, प्रस्तावित गिग वर्कर्स बोर्ड के माध्यम से प्रत्येक डिलीवरी से होने वाली कमाई का एक प्रतिशत हिस्सा सीधे कामगारों के बैंक खातों में जमा किया जाएगा।
राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस की प्राथमिकता गिग वर्कर्स को सुरक्षित और सम्मानजनक कार्य वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने इस वर्ग के अधिकारों और कल्याण के लिए पार्टी की ओर से पूरा समर्थन देने की बात कही।
गिग वर्कर्स को कानूनी पहचान और सुरक्षा देगा कानून: रेवंत रेड्डी
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने कहा कि नई पहल का उद्देश्य गिग वर्कर्स को उनकी मेहनत के अनुरूप उचित कमाई दिलाने के साथ कानूनी सुरक्षा और औपचारिक पहचान देना है। उन्होंने घोषणा की कि राहुल गांधी के नेतृत्व में राज्य में गिग वर्कर्स एक्ट लागू किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह योजना जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर गिग वर्कर्स को समर्पित की जा रही है। उन्होंने कामगारों के लिए एक अलग बोर्ड गठित करने और उन्हें आधिकारिक पहचान पत्र जारी करने का भी आश्वासन दिया। उनके अनुसार, कानून लागू होने से इस क्षेत्र में काम करने वाले लोगों को जरूरी अधिकार और सुरक्षा मिल सकेगी।
शिल्परमम से जयभेरी मैदान तक निकाली गई रैली
योजना के शुभारंभ से पहले हैदराबाद में गिग वर्कर्स की रैली आयोजित की गई। इसमें राहुल गांधी, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, उपमुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्क, टीपीसीसी अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ और राज्य सरकार के कई मंत्री शामिल हुए।
रैली शिल्परमम से शुरू होकर जयभेरी मैदान तक पहुंची। इसमें बड़ी संख्या में गिग वर्कर्स ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के जरिए सरकार ने डिलीवरी और अन्य प्लेटफॉर्म आधारित काम करने वाले श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाने का संदेश दिया।
