ख़बररफ़्तार , हरिद्वार : धर्मनगरी हरिद्वार में दो अलग-अलग स्थानों पर मासूम बच्चियों के लावारिस हालत में मिलने के मामले सामने आए हैं। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में भगत सिंह चौक के पास कूड़े के ढेर में करीब सात दिन की नवजात बच्ची मिली, जबकि नगर कोतवाली क्षेत्र में पोस्ट ऑफिस के पास लगभग एक साल की बच्ची लावारिस अवस्था में पाई गई। दोनों बच्चियों को पुलिस और चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने संरक्षण में लेकर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर बच्चियों के परिजनों का पता लगाने में जुटी है।
कूड़े के ढेर से सुनाई दी नवजात के रोने की आवाज
रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में भगत सिंह चौक के पास कूड़े के ढेर से बच्ची के रोने की आवाज सुनकर राहगीर रुक गए। जब लोगों ने पास जाकर देखा तो वहां करीब सात दिन की नवजात बच्ची पड़ी हुई थी। बच्ची को इस हालत में देखकर स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई।
इसी दौरान समाजसेवी वंदना गुप्ता ने बच्ची को गोद में उठाया और पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद पुलिस और चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने 108 एंबुलेंस की मदद से बच्ची को महिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज किया जा रहा है।
पोस्ट ऑफिस के पास मिली करीब एक साल की बच्ची
दूसरी घटना नगर कोतवाली क्षेत्र की है। यहां पोस्ट ऑफिस के पास करीब एक साल की बच्ची लावारिस हालत में मिली। बच्ची को देखकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलने के बाद चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने बच्ची को संरक्षण में लिया और मेडिकल जांच के लिए अस्पताल पहुंचाया।
फिलहाल बच्ची की देखभाल और सुरक्षा की व्यवस्था की जा रही है। पुलिस उसके परिजनों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
एसपी सिटी दीपक सिंह ने बताया कि भगत सिंह चौक के पास मिली नवजात बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टर उसका इलाज कर रहे हैं। बच्ची जिस स्थान पर मिली, वहां आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि नगर कोतवाली क्षेत्र में मिली करीब एक साल की बच्ची को चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम की निगरानी में रखा गया है। दोनों मामलों की बारीकी से जांच की जा रही है।
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बच्चियों को किन परिस्थितियों में वहां छोड़ा गया और उनके परिजन कौन हैं। जांच के बाद ही दोनों घटनाओं से जुड़ी पूरी जानकारी सामने आ सकेगी।
