Dr. Dhal Singh Bisen ने उत्तराखंड के राज्यपाल पद की शपथ ली, हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश ने दिलाई शपथ

ख़बर रफ़्तार, देहरादून : Dr. Dhal Singh Bisen उत्तराखंड के नवनियुक्त राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने सोमवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। देहरादून स्थित लोक भवन में आयोजित समारोह में उत्तराखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश ने उन्हें शपथ दिलाई। इससे पहले मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने राष्ट्रपति की ओर से जारी नियुक्ति अधिपत्र पढ़कर सुनाया।

लोक भवन में आयोजित हुआ शपथ ग्रहण समारोह

शपथ ग्रहण समारोह में प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। राज्यपाल के उत्तराखंड पहुंचने पर जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर पुलिस की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान डॉ. बिसेन ने परेड का निरीक्षण भी किया।

एयरपोर्ट पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ और जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान समेत कई अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

लोक भवन पहुंचने पर अधिकारियों ने किया स्वागत

लोक भवन पहुंचने पर राज्यपाल का स्वागत राज्यपाल के सचिव रविनाथ रामन, हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल केके शुक्ल, सचिव प्रोटोकॉल विनोद कुमार सुमन, गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप, आईजी विम्मी सचदेवा रामन और अपर सचिव रीना जोशी सहित अन्य अधिकारियों ने किया। इसके बाद निर्धारित कार्यक्रम के तहत शपथ ग्रहण की प्रक्रिया पूरी की गई।

मध्य प्रदेश से रहा है डॉ. बिसेन का राजनीतिक जुड़ाव

डॉ. ढाल सिंह बिसेन का जन्म 14 मई 1952 को मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के पिपरिया में हुआ था। पेशे से वह चिकित्सक और कृषक हैं। उनका भारतीय जनता पार्टी से जुड़ाव रहा है और उन्होंने मध्य प्रदेश की राजनीति में कई अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं।

वह वर्ष 1990 से 2008 के बीच चार बार मध्य प्रदेश विधानसभा के सदस्य निर्वाचित हुए। इस दौरान उन्होंने मध्य प्रदेश सरकार में वन, परिवहन एवं खनिज विभाग के साथ-साथ स्कूल शिक्षा और जेल विभागों के कैबिनेट मंत्री के रूप में भी कार्य किया।

2019 में बने थे लोकसभा सदस्य

मई 2019 में डॉ. बिसेन 17वीं लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए थे। इसके बाद अब उन्हें उत्तराखंड के राज्यपाल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके राजनीतिक और प्रशासनिक अनुभव को देखते हुए राज्य में उनकी नई भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

राष्ट्रपति ने 12 अक्टूबर को की थी नियुक्ति

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 12 अक्टूबर को डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का राज्यपाल नियुक्त किया था। उन्होंने लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) का स्थान लिया है। शपथ ग्रहण के साथ ही डॉ. बिसेन ने उत्तराखंड के राज्यपाल के रूप में अपनी जिम्मेदारी संभाल ली है।

You May Also Like

More From Author