Hathnikund बैराज में डूबे सेना के जवान का शव बरामद, दूसरे की तलाश जारी

ख़बर रफ़्तार, यमुनानगर : हरियाणा के यमुनानगर स्थित हथिनीकुंड बैराज में डूबे सेना के दो जवानों में से एक का शव करीब 25 घंटे चले सर्च ऑपरेशन के बाद बरामद कर लिया गया है। शव उत्तर प्रदेश के बरथा कोरसी गांव में एक स्टोन क्रेशर के पास मिला। घटनास्थल पर सेना के जवानों ने पहुंचकर इलाके की घेराबंदी कर दी है।

बैराज से करीब 15 किलोमीटर दूर मिला शव

सेना और रेस्क्यू टीमों ने जवानों की तलाश के लिए यमुना नदी और आसपास के करीब 15 किलोमीटर क्षेत्र में अभियान चलाया था। इसी दौरान यूपी के बरथा कोरसी गांव के पास एक शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची टीमों ने शव को अपने कब्जे में लिया। हालांकि, सेना की ओर से अभी बरामद शव की आधिकारिक पहचान की पुष्टि नहीं की गई है।

इससे पहले बुधवार शाम को बैराज से करीब 15 किलोमीटर दूर दादूपुर हेड के पास दो लाइफ जैकेट और एक डाइविंग किट भी मिली थी। सेना ने स्पष्ट किया था कि अभी यह पुष्टि नहीं हुई है कि ये सामान लापता जवानों का ही है या नहीं।

चिनूक से प्रैक्टिस के दौरान हुआ था हादसा

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार शाम करीब 5 बजे सैन्य अभ्यास के दौरान चिनूक हेलिकॉप्टर से पांच जवान यमुना में खड़ी एक बोट पर उतरे थे। इसी दौरान बोट डूबने लगी, जिसके बाद पांचों जवान डाइविंग किट और लाइफ जैकेट के साथ नदी में कूद गए। इनमें से तीन जवान तैरकर पश्चिमी यमुना नहर के गेट से बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि महाराष्ट्र के आर्यन पाटिल और जम्मू-कश्मीर के अखनूर निवासी अजय लापता हो गए थे।

दूसरे जवान की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

दोनों लापता जवानों की तलाश में सेना, एयरफोर्स, पुलिस, प्रशासन और SDRF की टीमें लगातार अभियान चला रही हैं। हरियाणा और उत्तर प्रदेश SDRF की टीमें भी सर्च ऑपरेशन में शामिल हैं। तलाश के दौरान पश्चिमी यमुना नहर में करीब एक घंटे तक पानी का बहाव रोका गया, ताकि जलस्तर कम होने पर जवानों को खोजा जा सके।

सर्च ऑपरेशन में दो हेलिकॉप्टरों की भी मदद ली गई। रक्षा मंत्रालय ने भी जवानों की तलाश के लिए बड़े स्तर पर अभियान चलाए जाने की जानकारी दी थी। अब एक जवान का शव बरामद होने के बाद दूसरे जवान की तलाश तेज कर दी गई है।

You May Also Like

More From Author